— लेखपालों की पिटाई में दारोगा की पत्नी और बेटी ने भी साथ, लेखपालों में आक्रोष कानपुर, 06 मार्च (हि.स.)। बिल्हौर थाना क्षेत्र में एक दारोगा ने पुलिस चौकी के अंदर दो लेखपालों की जमकर पिटाई कर दी। दारोगा की इस करतूत से लेखपालों में आक्रोष व्याप्त हो गया और लेखपाल संघ ने आरोपी दारोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग कर दी। हालांकि मामले का संज्ञान लेते हुए डीआईजी डा. प्रीतिंदर सिंह ने आरोपी दारोगा को लाइन हाजिर कर दिया। राष्ट्रीय राजमार्ग 91 का सर्वे करने गये लेखपाल सौरभ और राघवेन्द्र को अरोल पुलिस चौकी में तैनात दारोगा राधेश्याम ने चौकी के अंदर खींच लिया। आरोप है कि दारोगा ने पत्नी और बेटी के साथ मिलकर जमकर पिटाई की। लेखपालों ने घटना की जानकारी लेखपाल संघ को दी और लेखपालों में आक्रोश व्याप्त हो गया। बताया जा रहा है कि एक मकान का मामला कोर्ट में चल रहा है और लेखपाल ने अपनी रिपोर्ट में मकान को विवादित लिख दिया। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने घटना को लेकर पुलिस के आलाधिकारियों से वार्ता कर आरोपी दारोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। डीआईजी डा. प्रीतिंदर सिंह ने बताया कि मामले का संज्ञान लिया गया है और फिलहाल एसडीएम की शिकायत पर दारोगा को लाइन हाजिर कर दिया गया है। इसके साथ ही विभागीय जांच कराई जा रही है और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। हिन्दुस्थान समाचार/महमूद/मोहित




