प्रयागराज, 20 मई (हि.स.)। वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण से मृत शवों को सीधे गंगा में न प्रवाहित करने एवं घाट पर न दफनाने के लिए गुरूवार को महापौर अभिलाषा गुप्ता नन्दी ने गठित कमेटी सदस्यों के साथ निरीक्षण कर जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने वर्षा के दृष्टिगत सफाई कार्यों का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिया। महापौर ने उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार शहर के फाफामऊ शमशान घाट का निरीक्षण कमेटी सदस्यों के साथ किया। जिसमें गंगा व अन्य घाटों के किनारे शवों को न दफनाने तथा सीधे गंगा में प्रवाहित न किया जाय ऐसा प्रयास किया जा रहा है। बताया गया कि विगत चार दिनों से उक्त घाट पर कोई शव न ही दफनाई गई और न ही प्रवाहित की गई। घाट पर एसडीआरएफ व यूपी पुलिस के आठ जवान निगरानी में लगाये गये हैं, जो घाट के चारों कोनों पर दो-दो की संख्या में बोट के माध्यम से निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने आगामी दिनों में आने वाली वर्षा ऋतु के दृष्टिगत तेलियरगंज नाला व इंजनियरिंग कॉलेज के पीछे नाला सफाई कार्य का निरीक्षण किया। जिसमें सफाई कर्मचारी मौके पर सुरक्षा हेतु लांग बूट व ग्लव्स नहीं पहने थे। महापौर ने आक्रोश व्यक्त करते हुए दूरभाष पर नगर आयुक्त रवि रंजन को निर्देश दिया कि क्षेत्र में सभी सफाईकर्मी ड्यूटी के दौरान सम्पूर्ण सुरक्षा किट का उपयोग करें। ऐसा न करने पर सफाई हवलदार व सफाई निरीक्षक पर कार्यवाही के निर्देश दिए। इस दौरान निरीक्षण के समय क्षेत्रीय पार्षद कमलेश तिवारी, रंजन कुमार, रामकुमार यादव, नामित अनूप मिश्र, सफाई निरीक्षक आदि उपस्थित रहे। हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त





