लखनऊ, 24 जून (हि.स.)। भारतीय सिंधू सभा उत्तर प्रदेश के तत्वाधान में 28 जून सोमवार से रविवार 4 जुलाई तक ऑनलाइन सिंधी बाल संस्कार शिविर का आयोजन होने जा रहा है। इस शिविर में 6 वर्ष से 12 वर्ष तक के बाल प्रतियोगी हिस्सा लेंगे। सिंधी बाल संस्कार शिविर के सम्बंध में स्वाति पंजवानी ने कहा कि बच्चों में व्यक्तित्व विकास के लिए बोध, योग की शिक्षा, सिंधी मौलिक कहानियों का ज्ञान, आर्ट एंड क्राफ्ट प्रशिक्षण, सिंधी देवनागरी का ज्ञान, स्वस्थ खानपान की जानकारी जैसे बिंदुओं पर ऑनलाइन यह शिविर किया जा रहा है। इसमें निःशुल्क रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था कराई गई है और जिसकी अंतिम तिथि 26 जून तक है। उन्होंने कहा कि भारतीय सिंधु सभा उत्तर प्रदेश की महिला इकाई इस पूरे शिविर को संचालित कर रही है। उत्तर प्रदेश की महिला अध्यक्ष कोमल चंदानी और महासचिव निशा कुंदनानी सीधे तौर पर रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को गतिशीलता दे रही हैं। उन्होंने लखनऊ के अतिरिक्त प्रदेश के विभिन्न जनपदों में सिंधी बालसंस्कार शिविर के रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया में प्रतिभागी बने लोगों की चर्चा करते हुए कहा कि बड़ी संख्या में रजिस्ट्रेशन हो रहा है और इस शिविर के समापन के अवसर पर शिविर में अच्छा प्रदर्शन करने वालों का उत्साहवर्धन किया जाएगा। हिन्दुस्थान समाचार/शरद/विद्या कान्त




