मीरजापुर, 17 जून (हि.स.)। नगर के कटरा कोतवाली क्षेत्र के लालडिग्गी चौकी अंतर्गत राजस्थान इंटर कालेज के पहले इमामबाड़ा रोड पर पुराने नाले के ऊपर बनी सड़क धंस गई। इससे वहां खड़ी ऑटो सड़क के गड्ढे में जा गिरी और क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे से आसपास हड़कम्प मच गया। गनीमत रहा कि ऑटो में कोई बैठा नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। मानसून की पहली बारिश से जहां शहर जलमग्न हो गया। वहीं सुबह से हो रही बारिश के कारण इमामबाड़ा रोड पर सड़क धंस गई। जहां सड़क धंसी वहां एक ऑटो खड़ी थी। सड़क धंसने के साथ ऑटो भी जमींदोज हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षतिग्रस्त नाला व सड़क मरम्मत कराने की मांग कई बार नगर पालिका के जेई और ईओ से की गई। इसके बाद भी आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। अगर इस पर ध्यान दिया गया होता तो शायद यह हादसा न होता। अब भी इस पर ध्यान नहीं दिया गया तो उससे सटे कई मकान क्षतिग्रस्त हो सकते हैं। लोगों ने बताया कि जब भी बारिश होती है, यह सड़क बैठ जाती है। जिला प्रशासन को इसे गम्भीरता से लेकर सम्बंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। हिन्दुस्थान समाचार/गिरजा शंकर/विद्या कान्त




