relief-providing-beds-oxygen-and-necessary-information-through-youth-39app39
relief-providing-beds-oxygen-and-necessary-information-through-youth-39app39

राहत: युवा 'एप' के जरिए बेड, ऑक्सीजन व जरूरी जानकारियां करा रहे मुहैया

झांसी, 03 मई(हि.स.)। विश्वव्यापी कोरोना के कोहराम से ध्वस्त होती व्यवस्थाओं के बीच दो युवाओं ने अपने एप के माध्यम से लोगों को जिले में बेड,ऑक्सीजन और दूसरी जरूरी जानकारी मुहैया कराने का कार्य करना शुरु किया है। इस प्रकार मानवता की सेवा के साथ ही वह कोरोना संक्रमण से बचने में भी सहायक सिद्ध हो रहा है। जिले में कोविड संक्रमण के बढ़ने के साथ ही इससे प्रभावित मरीजों की मदद को बड़ी संख्या में लोग आगे आ रहे हैं। युवा सोशल मीडिया का प्रयोग करते हुए भी लोगों की सहायता करने में लगे हुए हैं। बहुत से ग्रुप और सोशल मीडिया पेज बनाए गए हैं, जहां जानकारियों का अंबार लग रहा है। हालांकि ऐसे में कौन सी जानकारी सही और अभी उपलब्ध है इस बात की पुष्टि करना थोड़ा मुश्किल हो रहा है। इन सारी परिस्थितियों के बीच दो दोस्त प्रखर और गौतम ने मिलकर झांसी रिर्सोसेज नाम से एक ऐसा एप बनाया है, जिसपर बेड (वेंटिलेटर, ऑक्सीजन और नॉन ऑक्सीजन), ऑक्सीजन उपलब्धता के साथ जांच केन्द्रों की जानकारी अंकित की है। इस एप को फोन या कंप्यूटर पर आसानी से चला सकते हैं। यह एप न सिर्फ झांसी वालों बल्कि झांसी के आसपास उन सभी जिलों के लिए मददगार हैं जहां के मरीज इलाज के लिए यहां आ रहे हैं। प्रखर ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले ही उन्होंने यह एप बनाया है। इसके लिए उन्होंने सरकार द्वारा निर्धारित अस्पतालों की सूची तैयार की है और अब उनसे नियमित रूप से बेड की उपलब्धता का फॉलोअप करते हैं और उसे तुरंत एप पर दर्ज कर देते हैं। शुरुआत में वह और गौतम ही थे लेकिन इतने कम समय के अंतराल में लगभग 20-25 लोग उनकी इस मुहिम से जुड़कर लोगों की मदद कर रहे हैं। 'एप' के बारे में जानकारी देते हुए गौतम ने बताया कि इस एप में न सिर्फ अस्पतालों के नाम बल्कि वहां कितने बेड उपलब्ध हैं उसकी भी जानकारी अस्पताल के नंबर के साथ दर्ज की जाती है। साथ ही झांसी में चार ही ऑक्सीजन विक्रेता हैं,उनकी पूर्ण जानकारी भी एप पर है। जांच के संबंध में पैथोलॉजी के नाम के साथ वहां कौन-कौन सी जांच होती है और वह कितने दिन में रिपोर्ट मुहैया करा देते हैं, यह जानकारी भी मौजूद है। दोनों लोगों का कहना है कि हमारी कोशिश होती है कि जरूरतमंद लोगों तक सही समय पर सही जानकारी पहुंच सके। यही हमारा लक्ष्य भी है। हिन्दुस्थान समाचार/महेश

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in