रायबरेली, 21मई(हि.स.)। संदिग्ध परिस्थितियों में शुक्रवार को एक विवाहिता की मौत हो गई। मामले को लेकर ससुराल और मायके पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई। पुलिस ने दोनों पक्ष के 12 लोगों को हिरासत में लेते हुए जांच शुरू कर दी है। जिले के गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र के खजूरी निवासी बालमुकुंद तिवारी की पत्नी कोमल तिवारी(28) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुराल वालों के अनुसार कोमल ने गुरुवार की देर रात फांसी लगाकर आत्महत्या की है।हालांकि शुक्रवार की सुबह लोगों ने देखा कि कोमल का शव कमरे में बेड में पड़ा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू कर दी। हालांकि इसी बीच मृतका के पिता अजय कुमार बाजपेयी निवासी हिन्दुनगर उन्नाव अपने रिश्तेदारों के साथ आ गए और ससुराल वालों पर बेटी की हत्या कर आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया। उनके अनुसार ससुराल वालों ने एक लाख रुपये की मांग की थी और इसके लिए बेटी को प्रताड़ित करते रहते थे। दूसरी ओर ससुराल वालों का कहना है कि कोमल ने आत्महत्या की है।देखते ही देखते यह आरोप प्रत्यारोप मारपीट में बदल गया और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। पुलिस की मौजूदगी में हुई मारपीट में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोंनो पक्षों से 12 लोगों को हिरासत में लिया है। कोतवाल धीरेन्द्र यादव का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और हर पहलू से जांच की जा रही है। हिन्दुस्थान समाचार/रजनीश




