नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में शुक्रवार की देर रात बड़ा सड़क हादसा हुआ। प्रयागराज-मिर्जापुर हाईवे पर एक बोलेरो और बस की टक्कर में 10 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 19 अन्य घायल हो गए। सभी मृतक छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के निवासी थे। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
कैसे हुआ हादसा?
हादसा उस समय हुआ जब छत्तीसगढ़ के श्रद्धालु बोलेरो कार में सवार होकर महाकुंभ के लिए संगम स्नान करने आ रहे थे। इसी दौरान प्रयागराज-मिर्जापुर हाईवे पर उनकी बोलेरो की आमने-सामने से एक बस से टक्कर हो गई। बोलेरो में सवार सभी 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बस में सवार 19 श्रद्धालु घायल हुए हैं। ये श्रद्धालु मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के निवासी हैं और संगम स्नान के बाद वाराणसी जा रहे थे।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। घायलों को तुरंत सीएचसी रामनगर में भर्ती कराया गया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिया संज्ञान
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस बड़े हादसे का संज्ञान लिया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के उचित इलाज के निर्देश दिए। साथ ही, प्रशासन को राहत कार्य में तेजी लाने और घायलों की मदद करने के लिए कहा है। यूपी के बस्ती जिले में भी एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। पैकोलिया थाना क्षेत्र में बभनान हर्रैया मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्राली और कार की भिड़ंत में चार लोगों की मौत हो गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला। इस दुर्घटना की भी जांच जारी है।
सड़क सुरक्षा पर सवाल
लगातार हो रहे सड़क हादसे सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। तेज रफ्तार, लापरवाही और सड़क नियमों का पालन न करने की वजह से ऐसे दर्दनाक हादसे हो रहे हैं। प्रशासन और वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की सख्त जरूरत है ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
https://whatsapp.com/channel/0029VaffUM7I7Be7ERRVfL2L




