गाजियाबाद, 01 जून(हि.स.)। नगर निगम प्रशासन की ओर से संपत्ति कर में 15प्रतिशत की बढ़ोतरी के खिलाफ मंगलवार को शहर के लोग सड़क पर उतर आए। इन लोगों ने सड़कों पर प्रदर्शन किया, वही अपने घरों पर काले झंडे लगाकर विरोध किया। कांग्रेसी पार्षद मनोज चौधरी के नेतृत्व में अनेक लोग संजय नगर स्थित एम ब्लॉक रोड पर आ गए और काले झंडे लेकर विरोध प्रदर्शन किया। मनोज चौधरी ने चेतावनी दी कि किसी भी सूरत में कर की बढ़ोतरी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि एक तरफ कोरोना काल में लोग आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं तो दूसरी तरफ नगर निगम 15 प्रतिशत टैक्स बढ़ाकर लोगों की रीढ़ तोड़ने में लगा है। उन्होंने कहा कि आज यह सांकेतिक प्रदर्शन है, जरूरत पड़ी तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विरोध स्वरूप उनके पूरे वार्ड में लोगों ने अपने घरों की छतों पर काले झंडे भी लगाए हैं। गांधी नगर व्यापार मंडल के तत्वावधान में अनेक व्यापारियों ने टैक्स बढ़ोतरी के विरोध में जुलूस निकाला और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों में उद्योग व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष गोपीचंद,महामंत्री अशोक चावला व गांधी नगर व्यापार मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुखविंदर सिंह भी शामिल हुए। इसके अलावा दवा कारोबारियों ने भी टैक्स बार और बढ़ोतरी के विरोध में प्रदर्शन किया। हिन्दुस्थान समाचार/फरमान अली




