– अब तक संस्थान दान कर चुका है 15 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर झांसी, 27 मई (हि.स.)। कोविड महामारी से बचाव के लिए परमार्थ समाज सेवी संस्थान के द्वारा बुन्देलखण्ड में अभी से ही तीसरी लहर के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर तैयारियां शुरू कर दी है। इसके लिए संस्थान के द्वारा समाजसेवियों के सहयोग से ऑक्सीजन कंसंट्रेटर उपलब्ध कराये जा रहे है, दूसरी लहर में जिस तरह से मरीजों को ऑक्सीजन की कमी हुयी थी वह ना हों। अभी तक संस्थान के द्वारा 15 कंसंट्रेटरों का वितरण किया जा चुका है। आज संस्थान के द्वारा पांच ऑक्सीजन कंसंट्रेटर मुख्य चिकित्साधिकारी गजेन्द्र कुमार निगम को उपलब्ध कराये गये, जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बबीना में स्थापित किया जायेगा। इस दौरान संस्था के सचिव डाॅ0 संजय सिंह ने कहा कि दूसरी लहर में जिस तरह पूरे बुन्देलखण्ड में ऑक्सीजन की किल्लत हुयी थी उसको देखते हुए संस्थान के द्वारा पूरे बुन्देलखण्ड में अस्पतालों की आवश्यकता के अनुसार कंसंट्रेटर का वितरण किया जा रहा है। संस्थान के द्वारा यह कार्य गांधीयन सोसायटी के साथ मिलकर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह देखने में आ रहा है कि सबसे ज्यादा ऑक्सीजन कंसंट्रेटरों की आवश्यकता सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में है, जहां पर ऑक्सीजन की उपलब्धता नही हो पा रही है। बबीना सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में इन ऑक्सीजन कंसंट्रेटर के स्थापित हो जाने से मरीजों को ऑक्सीजन की किल्लत नहीं होगी। संस्था के निदेशक अनिल सिंह ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर में इस बार सबसे ज्यादा मौतें आक्सीजन न मिल पाने की वजह से हुई। इसलिए भविष्य में ऐसी आपदा को रोकने के लिए हर अस्पताल में आक्सीजन की पर्याप्त व्यवस्था के प्रयास युद्ध स्तर पर किये जा रहे हैं। केवल सरकार के भरोसे यह व्यवस्था शीघ्र होना संभव नहीं है जिसकी वजह से सामाजिक संस्थाओं और व्यक्तियों को इसमें हाथ बंटाने के लिए आगे आने को प्रेरित किया जा रहा है। इस अवसर पर एके जैन, अपर चिकित्साधिकारी, सतीश चन्द्र, महताब आदि उपस्थित रहे। हिन्दुस्थान समाचार/महेश




