नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। नोएडा पुलिस ने दिल्ली में तैनात एक IRS अफसर को गिरफ्तार किया है। उन पर अपनी पार्टनर की हत्या का आरोप है। महिला BHEL के ह्यूमन रिसोर्स डिपार्टमेंट में काम करती थी। उसकी लाश IRS अधिकारी के नोएडा स्थित आवास से मिली है।
कैसे सामने आई घटना?
2016 बैच के IRS अधिकारी सौरभ मीणा ने 25 मई को पुलिस को फोन पर सूचना दी कि उनकी पार्टनर शिल्पा गौतम ने उनके घर में सुसाइड कर लिया है। सौरभ मीणा ने पुलिस को बताया कि वो और शिल्पा गौतम डेटिंग ऐप के जरिए कुछ महीने पहले मिले थे और तब से ही एक-दूसरे को डेट कर रहे थे। सौरभ मीणा ने पुलिस को बताया कि शिल्पा ने काफी देर से खुद को अपने कमरे में बंद कर लिया था। बार-बार आवाज़ देने के बाद भी जब उसने कोई जवाब नहीं दिया तो उसने गार्ड को बुलाकर दरवाज़ा खुलवाया। तब देखा कि शिल्पा ने सुसाइड कर लिया है।
तीन साल पहले हुई थी मुलाकात
पुलिस के मुताबिक, शिल्पा गौतम का पांच साल पहले तलाक हो गया था। वो और सौरभ मीणा तीन साल पहले डेटिंग ऐप के जरिए मिले थे। तब से ही दोनों एक दूसरे के साथ थे। शिल्पा शादी करना चाहती थी और सौरभ शादी की बात पर टालमटोल कर रहे थे। इसी के चलते दोनों के बीच अक्सर लड़ाई होती थी। शिल्पा के पिता ओपी गौतम ने सौरभ मीणा पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि सौरभ ने पहले उनकी बेटी की हत्या की और उसके बाद उसे सुसाइड दिखाने की कोशिश कर रहे हैं। इस मामले में पुलिस ने IPC की धारा 302 (हत्या) का केस दर्ज कर लिया है और IRS अधिकारी सौरभ मीणा को गिरफ्तार कर लिया है।
कई औरतों से थे संबंध?
पुलिस ने जानकारी दी है कि सौरभ मीणा का फोन सीज़ कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, सौरभ ने बताया कि घटना से पहले दोनों के बीच शादी को लेकर झगड़ा हुआ था। पुलिस की जांच में ये भी सामने आया है कि मीणा के दूसरी महिलाओं के साथ भी संबंध थे।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




