वाराणसी,12 अप्रैल (हि.स.)। सामाजिक विज्ञान संकाय काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के डीन प्रो.कौशल किशोर मिश्र ने नयी दृष्टि से पुनः इतिहास को समझने की आवश्यकता पर बल दिया है। उन्होंने कहा कि स्वाधीनता संग्राम के वास्तविक नायक तो ये हमारे जन नायक ही है जिन्होनें सामान्य जन में राष्ट्रीय चेतना का संचार किया। प्रो. मिश्र सोमवार को सद्गुरु रामसिंह जी महाराज पीठ सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के तत्वावधान में आयोजित ‘जन आन्दोलनों का स्थान कूका आन्दोलन के विशेष सन्दर्भ में’ विषयक एक दिवसीय राष्ट्रीय वेबिनार को सम्बोधित कर रहे थे। प्रो. मिश्र ने स्वाधीनता संग्राम में जन आन्दोलनों के मह्त्व का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि नामधारी गुरु सद्गुरु रामसिंह के नेतृत्व में जो कूका आन्दोलन उठा। उसमें जो असहयोग एवं बहिष्कार की राजनीति द्वारा स्वाधीनता प्राप्ति का प्रयास किया गया। सम्भवतः महात्मा गाँधी ने उसी से प्रेरित हो कर उसे राष्ट्रव्यापी बना दिया। वेबिनार को प्रो. वी पी तिवारी नागपुर, प्रो. कुलदीप सिंह पंजाब, प्रो. मनोज चतुर्वेदी शिमला, मंजीत सिंह आदि ने भी सम्बोधित किया। गोष्ठी की अध्यक्षता प्रो. हरिप्रसाद अधिकारी तथा संचालन डॉ रेणू द्विवेदी ने किया। हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर




