— स्वदेशी और हिंदी को अपनाए जाने का लिया गया संकल्प कानपुर, 05 अप्रैल (हि.स.)। स्वदेशी जागरण मंच भूमि सुपोषण एवं संरक्षण के लिए राष्ट्र स्तरीय जन अभियान शुरु करने जा रहा है। नव संवत्सर से अभियान चलाकर लोगों को प्राकृतिक कृषि एवं गो संवर्द्धन के लिए जागरुक किया जाएगा। इससे लोग स्वस्थ और स्वावलंबी होंगे। यह बातें सोमवार को होली मिलन समारोह में स्वदेशी जागरण मंच के क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जी ने कही। स्वदेशी जागरण मंच का होली मिलन समारोह सोमवार को माल रोड स्थित एस.एन. सेन बालिका विद्यालय पोस्ट ग्रेजुएट कालेज में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीगणेश एवं मां सरस्वती की वंदना से हुआ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघचालक डा. श्याम बाबू गुप्त एवं मोहन अग्रवाल ने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि स्वदेशी और हिंदी को अपनाएं। समारोह में गीत-नृत्य समेत अनेक रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये, जिन्होंने लोगों का मन मोह लिया। गीतों एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को स्वदेशी के प्रति जागरुक किया गया। आदित्य विक्रम श्रीवास्तव, संतोष कुमार दुबे, मनोज कुमार गुप्त, अजीत सिंह राठौर ‘लुल्ल’, आनंद पांडेय ‘तन्हा’, राजेश शुक्ल, डा. अनुज स्वामी, अशोक शास्त्री, डा. मधु प्रधान, शरद सक्सेना, डा. अवधेश दीक्षित और डा. अंजलि शुक्ला ने वीर, श्रृंगार एवं हास्य रसों से ओत-प्रोत रचनाएं प्रस्तुत कीं। कवि शरद सक्सेना ने सुनाया "समय में उलझे रहे सब स्वर्ण मृग के फेर में, तेरी याद के धागों को मैं जोड़ता बुनता रहा"। कार्यकर्ताओं और उपस्थित लोगों ने जीवन के हर क्षेत्र में स्वदेशी अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सुमधुर काव्य पाठ के बीच फूलों की होली खेली गयी। और एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर प्रवीण मिश्र, शालिनी कपूर, डा. भावना श्रीवास्तव, पद्मा शर्मा, डा. आशीष मिश्र, निमिषा त्रिपाठी, सचिन शुक्ल, डा. कुसुम तिवारी, डा. मनीषा दीवान, कुनिक तोमर, कृष्ण मोहन मिश्र आदि मौजूद रहें। हिन्दुस्थान समाचार/अजय/मोहित




