-जन्मदिन मनाने का अनोखा अंदाज : समूह की छात्राओं को पढ़ाने के लिए मोबाइल गिफ्ट कर मनाया जन्मदिन बहराइच, 02 जून (हि.स.)। जन्मदिन का नाम आते ही मन में गुब्बारे से सजा कमरा व पार्टी के ख्याल आने लगते हैं। अमूमन लोग अपना जन्मदिन ऐसे ही मनाते हैं, लेकिन जिले के 10 वर्षीय बालक ने अपना जन्मदिन अनोखे अंदाज में मनाया है। बालक ने अपने जन्मदिन पर समूह की छात्राओं को पढ़ने में आ रही दिक्कत की जानकारी मिलने पर मोबाइल खरीद कर गिफ्ट किया और अच्छी शिक्षा देने के लिए शुक्रिया अदा किया। बालक के इस कार्य को देख कर ग्रामीण व परिवार के लोग काफी खुश दिखे। शहर के समाजसेवी संदीप मित्तल के 10 वर्षीय बेटे देवांश ने अपने जन्मदिन पर लोगों के लिए नजीर पेश किया है। समाजसेवी बताते हैं कि बुधवार को देवांश का जन्मदिन है। वह पूरे वर्ष में मिलने वाले पॉकेट मनी का एक-एक पैसा इकट्ठा कर साइकिल खरीदना चाह रहा था। लेकिन बुधवार सुबह जब वह उठा और सब लोगों ने बधाई दिया तो उसने कहा कि पापा मैं अपने जन्मदिन को खास मानना चाहता हूं। पूछने पर बताया कि कुछ दिन पहले कुछ बहनें आई थी। जो बता रही थीं कि वह गांव में बच्चों को निशुल्क शिक्षा देने का काम कर रही हैं, लेकिन उनके पास एंड्राइड मोबाइल न होने के कारण पढ़ाने में दिक्कत आ रही है तो क्यों न हम अपने जन्मदिन पर उन्हें मोबाइल खरीदकर गिफ्ट कर दें। जिससे वह लोग हमारे जन्मदिन को याद भी रखेंगे और एक साथ कई लोग शिक्षित भी होंगे। बेटे की बात सुनकर मन काफी प्रसन्न हुआ। संदीप बताते हैं कि वह बुधवार सुबह 10 बजे ही बेटे के साथ दुकान जाकर मोबाइल खरीदे और समूह की छात्राओं को शिक्षा देने वाले दो छात्रों को देवांश के हाथों गिफ्ट दिलाया। जिससे छात्राओं व बेटे दोनों के चेहरे पर मुस्कान रही। जिसे देख कर आत्मा को बहुत सुखद अहसास हुआ। अब दादी देंगी पोते को जन्मदिन पर साईकिल समाजसेवी संजय मित्तल ने बताया कि देवांशी दादी ने जब अपने पोते कि यह सोच देखी तो वह काफी खुश हैं। उन्होंने अपनी पेंशन से अपने पोते को जन्मदिन पर साईकिल देने का वादा किया है और आज शाम वह देवांश को साईकिल गिफ्ट करेंगी। हिन्दुस्थान समाचार/राहुल




