बांदा, 27 जून (हि.स.)। निगरानी समितियों के सदस्य अपनेे-अपने क्षेत्र में लोंगो को जागरूक कर वैक्सीनेशन के कार्य में तेजी लायें जिससे सम्भावित कोरोना की तीसरी लहर में लोंगो को संक्रमण से बचाया जा सके। यह बात राज्यमंत्री कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान, उप्र प्रभारी मंत्री जनपद बांदा लाखन सिंह राजपूत ने कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न औषधि किट वितरण समारोह में कही। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में सम्भावित तीसरी लहर से बचने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थायें की जा रही हैं। इसी को दृष्टिगत रखते हुए जनपद बांदा में भी निगरानी समितियों के माध्यम से सभी शहरी क्षेत्रों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में दवायें उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है जिससे संक्रमित व्यक्तियों, बच्चों को तुरन्त दवायें उपलब्ध हो सकें। श्री राजपूत ने कहा कि मेडिकल काॅलेज में बच्चों के लिए 100 शैय्या के अस्पताल की व्यवस्था की जा रही है तथा इसके साथ ही शीघ्र ही आक्सीजन प्लांट कार्यरत हो जायेंगे। श्री राजपूत ने कहा कि जनपद बांदा में वैक्सीनेशन का कार्य तेजी से हो रहा है तथा दो लाख से अधिक लोग अब तक वैक्सीन लगवा चुके हैं। निगरानी समितियों ने सक्रिय रूप से कार्य कर दूसरी लहर में संक्रमण को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी थी। उन्होंने निगरानी समितियों के सदस्यों से अपील की कि वे अपने दायित्वों का निर्वाहन सही तरह से करते हुए लोेंगो को जागरूक कर अधिक से अधिक लोगों को वैक्सीन लगावायें। प्रभारी मंत्री श्री राजपूत ने निगरानी समितियों को औषधि किटों का वितरण किया। सांसद बांदा-चित्रकूट आरके सिंह पटेल ने इस अवसर पर बोलते हुए कहा कि कोविड-19 की द्वितीय लहर में एएनएम, आशा, वार्ड ब्वाय तथा सफाई कर्मचारियों ने बहुत ही सराहनीय कार्य किया है और वे बधाई के पात्र हैं। विधायक सदर प्रकाश द्विवेदी नेे इस अवसर पर बोलते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा तीसरी लहर की सम्भावना को दृष्टिगत रखते हुए सभी व्यवस्थायें की जा रही हैं। जिलाधिकारी आनन्द कुमार सिंह ने इस अवसर पर बोलते हुुए कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में ट्रेस, टेस्ट तथ ट्रीट का जो माॅडल अपनाया गया उसकी देश व विदेेशों मेें सराहना हो रही है। मुुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ.एनडी शर्मा ने कहा कि कोविड-19 की लडाई में निगरानी समितियों व इन्ट्रीग्रेटेड कन्ट्रोल रूम ने बहुत ही सराहनीय कार्य किया है तथा इनके माध्यम से कोविड की दूसरी लहर को नियंत्रित करने मेें हम लोग सफल हुए हैं। अब जनपद में मात्र 10 सक्रिय केस हैं। उन्होंनेे बताया कि बच्चों की उम्र के अनुसार चार प्रकार की 15035 औषधि किटें वितरित की जा रही हैं। हिन्दुस्थान समाचार/अनिल




