मेरठ, 07 जून (हि.स.)। कोरोना महामारी के कारण स्नातक प्रथम व द्वितीय वर्ष और स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष के छात्रों को प्रोन्नत करके अगली कक्षाओं में प्रवेश दे दिया गया। अब चौधरी चरण सिंह विवि ने स्नातक व स्नातकोत्तर अंतिम वर्ष की परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली है। शासन की हरी झंडी मिलते ही परीक्षाओं की घोषणा कर दी जाएगी। चौधरी चरण सिंह विवि ने स्नातक और स्नातकोत्तर के अंतिम वर्ष की परीक्षा कराने के लिए अपनी तैयारी पूरी कर ली है। शासन स्तर से गाइडलाइन आने का इंतजार किया जा रहा है। इससे पहले विवि के परीक्षा समिति की बैठक सम्पन्न हो चुकी है। विवि के अधिकारी गाइडलाइन जारी होने के बाद परीक्षाओं की समय सारणी घोषित कर देंगे। जुलाई के दूसरे सप्ताह में परीक्षा सम्भावित शासन स्तर से 13 अगस्त तक परीक्षाएं सम्पन्न कराने के संकेत मिल रहे हैं। इस कारण विवि जुलाई के दूसरे सप्ताह में परीक्षा कराने की तैयारी कर रहा है। गाइडलाइन जारी होते ही परीक्षाओं का ऐलान होगा। पिछले वर्ष भी प्रोन्नत हुए थे छात्र कोरोना महामारी के कारण स्नातक व स्नातकोत्तर अंतिम वर्ष को छोड़कर अन्य वर्षों के विद्यार्थियों को बिना परीक्षा ही अगली कक्षा में प्रमोट किया गया था। इस बार फिर से यह फार्मूला अपनाया गया है। विवि के प्रेस प्रवक्ता मितेंद्र गुप्ता का कहना है कि शासन की गाइडलाइन जारी होते ही विवि स्तर पर परीक्षा कराने की घोषणा की जाएगी। इसके बारे में विवि के अधिकारी शासन के सम्पर्क में है। हिन्दुस्थान समाचार/कुलदीप/विद्या कान्त




