चित्रकूट, 13 मार्च (हि.स.)। प्रदेश के लोक निर्माण राज्यमंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय ने पत्नी देविका उपाध्याय के साथ कोविड-19 के संक्रमण से बचाव के लिए शनिवार को जिले के शिवरामपुर सामुदायिक टीका लगवाया। इस दौरान उनके साथ आये 111 भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी टीकाकरण करवाया। वही बांदा-चित्रकूट सांसद आर. के. सिंह पटेल ने मुख्यालय स्थित नवीन स्वास्थ्य केंद्र में सैकड़ों समर्थकों के साथ पहुंचकर कोरोना का टीका लगवाया। इस दौरान लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि भारत के वैज्ञानिकों द्वारा बनाया गया टीका पूरी तरह सुरक्षित है। टीका लगाने के पहले और टीका लगाने के बाद उन्हें कोई दिक्कत नहीं हुई है। टीका लगाना सबके लिए बहुत ही आवश्यक है। कोविड का टीका बहुत ही सुरक्षित है इसमें किसी भी प्रकार का भय संशय नहीं होना चाहिए। जब हमारे प्रधानमंत्री ने अपने ही देश में बने टीका को लगवाया है तो अब इसमें डरने की और संशय करने की कोई बात ही नहीं बचती है। वहीं, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनोद कुमार यादव ने कहा कि जनपद में कोविड महामारी से बचाव के लिए स्वदेशी टीका लगाया जा रहा है। इसके लिए जिले में 30 बूथ बनाए गए हैं। अब तक लगभग 11 हजार लोगों को टीका लगाया जा चुका है। टीकाकरण अभियान निरंतर जारी है इसमें प्रशिक्षित चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मी पूरी मुस्तैदी और सावधानीपूर्वक टीकाकरण कार्यक्रम को संपादित कर रहे हैं। शिवरामपर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आज मंत्री ने टीका लगवाया। इससे क्षेत्र की जनता में अच्छा संदेश जाएगा। इस मौके पर मंत्री के निजी सचिव नीरज गर्ग, पुष्पेंद्र सिंह, मंडल अध्यक्ष श्रवण कुमार सिंह, पी0एन0 सिंह, हीरो मिश्रा आदि सैकड़ों लोग मौजूद रहें। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ला ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र शिवरामपुर, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र शहरी कर्वी व प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खोह का औचक निरीक्षण कर सफाई का जायजा लिया। सीएमओ डाॅ. विनोद कुमार को निर्देश दिये कि सभी टीकाकरण केन्द्रों में ज्यादा से ज्यादा वैक्सीनेशन का कार्य करायें। उन्होंने एएनएम व आशा से लोगों को बुलाकर टीकाकरण करवाने को कहा। टीकाकरण रजिट्रेशन का रजिस्टर अलग से बनाकर दवा बर्बाद नहीं होनी चाहिए। इससे अलावा जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ला ने 60 वर्ष से अधिक आयु के सभी तथा 45 वर्ष से अधिक लोगों को जो गम्भीर बीमारी से ग्रसित हैं सभी से कोरोना संक्रमण से बचाव को टीकाकरण लगवाने की अपील की। इस मौके पर सीएमओ डाॅ. विनोद कुमार, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ. इम्तियाज, डाॅ. एनके कुरैचिया, डाॅ. राममोहन गर्ग, डाॅ. उमेश निषाद, डाॅ. विवेक प्रताप सिंह व आरके करवरिया आदि मौजूद रहें। हिन्दुस्थान समाचार/ रतन




