– आर्थिक मदद पाते ही परिजनों की भर आयी आंखें हमीरपुर, 23 मई (हि.स.)। हमीरपुर कोविड फाइटर्स के टीम लीडर ने एक बार फिर चांदनी अस्पताल पहुंचकर एक गरीब महिला मरीज को 65 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी। उनके जज्बे को यहां लोग सलाम कर रहे है। कानपुर के बेनाझावर पुरानी कालोनी निवासी विजय लक्ष्मी के पति का पिछले माह निधन हो गया था। इससे विजय लक्ष्मी सदमे से बीमार हो गयी। कोरोना संक्रमण काल में ये महिला तमाम बीमारियों से जूझ रही थी। पति की मौत से ये और बीमार हो गयी। आक्सीजन लेवल भी नीचे आ गया जिस पर उसे चांदनी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बुन्देलखंड रक्तदान समिति के चेयरमैन अशोक निषाद गुरु ने रविवार को शाम बताया कि चांदनी अस्पताल में भर्ती गरीब महिला की आर्थिक मदद के लिये सोशल मीडिया में मार्मिक अपील पोस्ट हुयी तो यहां कोविड फाइटर्स टीम के लीडर (संरक्षक) जावेद हबीब ने टीम के साथ अस्पताल पहुंचकर महिला को 65 हजार रुपये की मदद देकर उसे अस्पताल से डिस्चार्ज कराया। बताया कि इस महिला मरीज के पास अस्पताल के बिलों का भुगतान करने के लिये पैसे नहीं थे। टीम लीडर ने गरीब महिला को परिजनों को आश्वासन देते कहा कि जरूरत पडऩे पर आगे भी मदद की जायेगी। इस मौके पर गौरव भदौरिया, अरसद खान हीरो, आशीष सिंह, डा.सुरेश, समीर सिद्दीकी, मोहित चौरसिया, वीर सिंह, सुनील कुमार सहित अन्य टीम के सदस्य मौजूद रहे। बता दें कि, इससे पहले भी इसी गरीब महिला को कोविड फाइटर्स टीम ने दस हजार रुपये की मदद दी थी। हिन्दुस्थान समाचार/ पंकज




