-कोरोना: सरकार व प्रशासन की बेहतर तालमेल व लोगों की समझदारी से जीतेगा भारत वाराणसी, 17 अप्रैल (हि.स.)। बेकाबू हो चले कोरोना महामारी से दहशत और अस्पतालों में बेड और आक्सीजन की कमी के बावजूद लोगों में भरोसा है कि मुश्किल हालात बहुत दिन तक नहीं रहेगा। जल्द ही सरकार और प्रशासन के बेहतर तालमेल तथा प्रबंधन,लोगों के समझदारी से कोरोना से जंग जीत जायेंगे। इसके लिए हमें ईश्वर का ध्यान,योग और संयमित दिनचर्या के साथ कोरोना गाइड लाइन का पालन करना होगा। कोरोना के चलते थम सी गई जिंदगी,असुरक्षित और पल-पल संक्रमित होने के खतरों के बीच शनिवार को ‘हिन्दुस्थान समाचार’ ने संतों और प्रबुद्ध वर्ग से बातचीत कर हालात पर चर्चा किया। काशी सुमेरूपीठ के पीठाधीश्वर जगदगुरू शंकराचार्य स्वामी नरेन्द्रानंद सरस्वती ने कहा कि हालात कठिन जरूर है। लेकिन देश इस संकट से उबर जायेगा। सरकार और प्रशासन को गंभीरता से महामारी को रोकने के लिए प्रयास करना चाहिए। लोगों को समय से अस्पतालों में दवा और इलाज मिलना चाहिए। हालात और दिन ब दिन संक्रमण का दायरा बढ़ने से मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। ऐसे में अस्थायी जगहों पर भी जैसा कि पिछले वर्ष हुआ था। सरकार को प्रबंध करना चाहिए। प्रदेश सरकार इस दिशा में कार्य कर रही है। काशी सुमेरूपीठाधीश्वर ने कहा कि लोगों को भी सरकार द्वारा बताये गये कोरोना गाइड का स्वप्रेरणा से पालन करना चाहिए। नवरात्र में जगदम्बा और आम दिनों में ईश्वर का ध्यान कर योग व्यायाम के साथ संयमित दिनचर्या रखना आवश्यक है। भारत कठिन हालात और महामारियों से पहले भी उबरा है और लड़ने का जज्बा दिखाया है। कई धारावाहिकों में काम कर चुके रंगकर्मी प्रवीण तिवारी ‘गुड्डू’ ने कहा कि हालात को समझते हुए लोगों को कोरोना प्रोटोकाल का पालन करना चाहिए। अति आश्वयक हो तभी घर से निकलें। जब भी निकले मुंह में मास्क लगाये और हाथों को सैनिटाइज करते रहे। व्यापारी समाज और प्रशासन के घोषित दो दिन की बंदी का पालन कर अपने घर में ही रहना चाहिए। प्रवीण तिवारी ने ऐसे दुकानदारों और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ सरकार से कार्यवाही की मांग की जो इलाज और दवा के नाम पर लूट खसोट मचाएं हुए हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया में रेमडेसिविर इंजेक्शन के कालाबाजारी और कुछ एंबुलेंस चालकों के मनमाना किराया वसूली पर सख्ती से कार्यवाही होनी चाहिए। इससे कालाबाजारी रूकेगी। प्रवीण तिवारी ने कहा कि पिछले वर्ष काशी के लोगों ने लॉकडाउन में गरीबों और जरूरतमंदों की जमकर मदद की थी। इस बार भी कोरोना संकट के लम्बा खिंचने पर लोगों को आगे आना चाहिए। अधिवक्ता और समााजिक कार्यकर्ता राजन राय ने कहा कि कठिन हालात से उबरने के लिए हमें अब कोरोना प्रोटोकाल का खुद से पालन करना होगा। भरोसा है कि जल्द ही इस महामारी से हम जीत जायेंगे। उन्होंने कहा कि वाराणसी में कोरोना के लगातार बढ़ते मामलों को देख बीएचयू के अस्पताल और अन्य अस्पतालों में चिकित्सकीय व्यवस्था बढ़ाना चाहिए। अस्पतालों में बंद ओपीडी को शुरू करवाना चाहिए। कोरोना के चलते अन्य बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को दवा और इलाज मिलना चाहिए। सरकार और जिला प्रशासन के अफसर और चिकित्सक भी अपनी जिम्मेदारियों को निभायें सिर्फ दावा करने से काम नही चलेगा। हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर
⌵ ⌵ ⌵ ⌵ Next Story Follows ⌵ ⌵ ⌵ ⌵




