गाजियाबाद, 08 मई(हि.स.)। कोरोना से मरने वाले लोगों के पार्थिव शरीरों का अंतिम संस्कार अब नगर निगम नि:शुल्क कराएगा। साथ ही हिंडन शमशान घाट पर अंतिम संस्कार में गौमय लकड़ियों का इस्तेमाल किया जाएगा। गोवंश के गोबर से बनी 09 क्विंटल श्मशान घाट तक पहुंचाई गई हैं ताकि पेड़ों की लकड़ियों के साथ-साथ गोबर से बनी हुई लकड़ियां भी इस्तेमाल में लायी जा सके। इसके अलावा नगर निगम की नंदिनी गौशाला में गोवंश के गोबर से लकड़ियों को निर्मित 29 क्विंटल गौमय लकड़ियां गोवंश के गोबर से बनाने का कार्य प्रक्रिया में है। दाह संस्कार के लिए इस्तेमाल होने वाले इंधन में गौमय लकड़ियां भी इस्तेमाल में लाई जाएंगी और यह लकड़ियां गाजियाबाद नगर निगम द्वारा नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि गाजियाबाद नगर निगम ओर से की जा रही इस पहल में कामधेनु अबतरण अभियान का भी सहयोग प्राप्त हुआ है। लगातार गोवंश के गोबर से लकड़ी व अन्य प्रोडक्ट बनाने का कार्य लगातार चल रहा है। उन्होने बताया कि शासन की ओर से यह निर्देश जारी किए गए है कि कोरोना संक्रमण से मरने वाले का अंतिम संस्कार नगर निकाय अपने खर्चें पर करेगा। योगी सरकार ने इस तरह के निर्देश शनिवार को मृतकों के दुखी परिजनों को राहत देने और उनकी समस्याओं को कम करने के लिये दिये हैं। उन्होंने कहा कि अगर कोई भी कोरोना संक्रमित शव की अंतिम संस्कार के लिए किसी प्रकार की पैसों की डिमांड करता है तो तत्काल शिकायतकर्ता 8178016801 पर शिकायत दर्ज करा सकता है। हिन्दुस्थान समाचार/फरमान/दीपक




