फिरोजाबाद, 11 मई (हि.स.)। वैश्विक महामारी कोविड-19 के इस भीषण समय में समाजसेवी संस्था ने एक सराहनीय पहल की है। इस संस्था द्वारा चालित वाहन बैकुंठ बिहार शव को शवदाह स्थल तक पहुंचाने के लिये मात्र 500 रूपये में उपलब्ध होगा। भाजपा विधायक मनीष असीजा ने पूजन कर इसका शुभारम्भ किया है। भारत विकास परिषद न्यास की शाखा समर्पण नेत्र ज्योति सेवा अरुणोदय संस्कृति, उत्कर्ष के सहयोग से साधारण दरों पर शव वाहन उपलब्ध कराने की यह व्यवस्था की गई है। न्यास के अध्यक्ष राकेश अग्रवाल नवरंग एवं प्रबन्धक भारतेन्दु अग्रवाल राजू, सचिव गोविंद मित्तल, कोषाध्यक्ष आनंद अग्रवाल ने संयुक्त रूप से बताया कि शव वाहन का नाम बैकुंठ बिहार और निर्धारित शुल्क लगभग 500 रुपये नगर निगम सीमा क्षेत्र के अंतर्गत लगने वाले 15 शवदाह स्थल के लिए निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि कोविड-19 के इस दौर में सरकार द्वारा जारी गाइड लाइन व जिला प्रशासन के दिशा निर्देशों का अनुपालन करते हुए मृतकों के परिजनों को अंतिम संस्कार हेतु शव दाह स्थल तक शव पहुंचाने के लिये वाहन उपलब्ध होगा। आवश्यकता पड़ने पर बुकिंग एवं अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9837106005 एवं 7248506005 पर सम्पर्क किया जा सकता है। हिन्दुस्थान समाचार/कौशल




