जौनपुर, 18 मार्च (हि.स.)। प्रेरणा मिशन का मकसद बच्चों को विद्यालय भेजने के लिए अभिभावकों को प्रेरित करना, इसके बारे में लोगों के बीच चर्चा करना व सामुदायिक सहभागिता का प्रसार करना है। इससे शैक्षिक वातावरण मजबूत होगा। उक्त विचार चंद्र प्रकाश त्रिपाठी एसडीएम केराकत ने गुरूवार को मुफ्तीगंज ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय मुर्तजाबाद में प्रेरणा ज्ञानोत्सव कार्यक्रम में व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों में उत्साह का संचार करने के लिए जिले के सभी ब्लॉकों में प्रेरणा ज्ञानोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जाना है। खंड शिक्षा अधिकारी संजय यादव ने कहा कोविड 19 के चलते बच्चो की शैक्षिक गतिविधि बंद हो गयी थी। बच्चों को बुनियादी शिक्षा देना बहुत जरूरी है, जिसको लेकर सरकार द्वारा पूरे प्रदेश में कार्यक्रम रखा गया है। उन्होंने प्रेरणा ज्ञानोत्सव कार्यक्रम आयोजित कर स्कूल प्रबंध समिति अध्यक्षों तथा अभिभावकों को मिशन प्रेरणा, आनलाइन क्लास तथा सौ दिन के अभियान से अवगत कराया। अध्यक्षता उमेश सिंह प्राचार्य बाबा प्रसिद्ध नारायण महाविद्यालय बगथरी ने एवं संचालन उच्च प्राथमिक विद्यालय की छात्रा आकांक्षा विश्वकर्मा ने किया। कार्यक्रम में बच्चों के शिक्षा का स्तर उठाने और सामुदायिक सहभागिता से विद्यालयों की स्थिति कैसे बेहतर की जाएं, विषय पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में दस बच्चों को प्रेरक बालक-प्रेरक बालिका का प्रमाणपत्र भी वितरित किया गया। अंत में खण्ड शिक्षा अधिकारी ने सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया। हिन्दुस्थान समाचार/विश्व प्रकाश/विद्या कान्त




