– वाट्सएप ग्रुप के जरिये टेस्ट रिपोर्ट देखकर मरीजों को सलाह के साथ दे रहे इलाज वाराणसी,12 मई (हि.स.)। वैश्विक महामारी कोरोना के संक्रमण की चपेट में आ रहे मरीजों और उनके परिजनों को लूटने खसोटने के कार्य में लिप्त नगर के निजी अस्पताल संचालकों की लगातार शिकायतों के बीच कुछ चिकित्सक ऐसे भी है जो दिन-रात कोविड मरीजों की सेवा में बिना थके बिना डरे निस्वार्थ भाव से डटे हुए है। चिकित्सक आन लाइन मरीजों को देखने के साथ उन्हें दवा भी लिख रहे है। और टेस्ट रिपोर्ट देख उनको उचित सलाह और इलाज भी बता रहे है। ऐसे ही चिकित्सक है कैंसर विशेषज्ञ डॉ. शशि भूषण उपाध्याय। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) परिवार विचारधारा से जुड़े डॉ. उपाध्याय लगातार पीड़ितों की सेवा में लगे हुए है। इसके लिए उन्होंने ‘मेरी काशी-मेरा कर्तव्य’ अभियान वाट्सएप ग्रुप बनाया है। जनरल फिजिशियन और कैंसर विशेषज्ञ डॉ. शशि भूषण के नेतृत्व में वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. गौतम कुमार, वरिष्ठ सर्जन डॉ. आर.के.गुप्त, स्त्री एवं प्रसुति रोग विशेषज्ञ डॉ. सत्यमित्र, रेडियोलाजी डॉ. रविकांत, मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. अरविंद, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. त्रिभुवन, चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. त्रिभुवन, पीडियाटिक डॉ. कृष्ण गोपाल, वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. विजय बहादुर, फिजिशियन डॉ. प्रदुम्न होमियोपैथी डॉ. आलोक कुमार छह वाटसग्रुप के जरिये कोरोना मरीजों और अन्य मरीजों को अपनी सेवाएं नि:शुल्क और पूरे सेवा भाव से दे रहे है। डॉ. शशि और अन्य चिकित्सक टेलीमेडिसिन सेवा में मरीजों के समस्याओं को पूछते हैं। मरीज के बताने पर इलाज के लिए दवाओं का नाम वाट्सएप या फोन के जरिये भी बताते है। डॉ. उपाध्याय से वाराणसी ही नहीं दूर-दराज के जिलों के पीड़ित भी सेवा ले रहे हैं। महामारी के दौरान चिकित्सकीय धर्म निभा रहे डॉ. उपाध्याय के कठिन सेवा काल में आरएसएस के स्वयंसेवक और पदाधिकारी भी उनका भरपूर सहयोग कर रहे है। डॉ. उपाध्याय ने लोगों से कोरोना प्रोटोकाल का पालन करने का संदेश देकर कहा कि महामारी से लड़ाई में हर किसी को अपना योगदान देना है। मास्क पहनने के साथ टीकाकरण भी अवश्य करायें। अपने और अपने परिवार को सुरक्षित रखना भी बड़ी जिम्मेदारी हैं। हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर




