कानपुर, 08 मई (हि. स.)। जनपद में कोरोना संक्रमण लगातार कहर बरपा रहा है, तो वहीं लगातार लोग इसकी चपेट में भी आ रहे है। वहीं शहरों में बने कोविड अस्पतालों का जिलाधिकारी आलोक तिवारी ने पहुंच कर औचक निरीक्षण किया। उन्होंने शनिवार को अपोलो हॉस्पिटल व सेवन एयर फोर्स हॉस्पिटल का भी औचक निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने सबसे पहले अपोलो हॉस्पिटल पहुचे जहां उन्होंने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि शासन द्वारा निर्धारित दरों पर ही कोविड पॉजीटिव मरीजों का इलाज करना है। यदि शासन द्वारा निर्धारित मूल्यों के अलावा किसी भी मरीज से पैसा लिया गया तो कठोर कार्यवाही की जायेगी। इसके अलावा जैसे ही कोई मरीज आता है तत्काल उसको भर्ती कर उसका इलाज प्रारंभ किया जाए। यदि परिजन द्वारा एडवांस पैसा नहीं जमा किया गया और अस्पताल प्रशासन द्वारा मरीज को भर्ती नहीं किया गया और इसकी शिकायत मिलती है तो संबंधित अस्पताल के खिलाफ भी कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने अपने निरीक्षण के दौरान निर्देशित करते हुए कहा कि अस्पताल प्रशासन अपने नोडल डॉक्टर का नंबर सभी जगह चस्पा करवाएं जिससे कि यदि किसी परिजन को कोई समस्या होती है। तो वह तत्काल इसमें शिकायत कर सके। साथ ही इस बात का भी विशेष ध्यान रखा जाए कि दिया गया नंबर प्रत्येक दशा में रिसीव हो। उन्होंने यह भी निर्देशित करते हुए कहा कि नोडल अधिकारी के नंबर के अलावा अस्पताल प्रशासन बड़े फ्लेक्स पर यह भी अंकित कराए की भर्ती मरीजों के विषय मे किस समय ब्रीफिंग होगी। सभी भर्ती मरीजों के परिजन को लगातार निर्धारित समय पर उनकी स्थिति से अवगत कराया जाता रहे। साथ ही उनके इलाज को मरीज की रिपोर्ट भी दी जाती रहे। सभी भर्ती मरीजों का गुणवत्तापूर्ण इलाज हो यह प्रत्येक दशा में सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रैंडम भर्ती मरीज के परिजनों से अस्पताल द्वारा उनके मरीज को कैसा इलाज दिया जा रहा है। वह उनके इलाज से सन्तुष्ट है कि नहीं व ओवर बिलिंग की तो कोई समस्या नही है। वहीं जानकारी के दौरान अवगत कराया गया कि इलाज व अस्पताल प्रशासन के कार्यो से वह सन्तुष्ट है। तो वहीं जिलाधिकारी ने 7 एयरफोर्स हॉस्पिटल पहुंचकर उन्होंने उपस्थित डॉक्टर से भर्ती मरीजों की संख्या के विषय में भी जानकारी ली व संबंधित डॉक्टर द्वारा बताया गया कि वर्तमान में 8 मरीज भर्ती है जिनका इलाज किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि भर्ती मरीजों के परिजनों को उनकी स्थिति के विषय में निर्धारित समय पर जानकारी दी जाए। वहीं इस मौके पर अपर जिलाधिकारी व अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। हिन्दुस्थान समाचार/हिमांशु




