लखनऊ, 25 मार्च (हि.स.)। फर्रुखाबाद के जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने आज फतेहगढ़ सेंट्रल जेल और जिला जेल में क्रमश: औचक निरीक्षण किया। औचक निरीक्षण के दौरान स्टेशल टास्क फोर्स से जुड़े अधिकारियों की उपस्थिति भी साथ में रही। इस दौरान जेलों में बैरक, शौचालय, रसोई, जेलर कक्ष और आगंतुक कक्ष का दृढ़ता से निरीक्षण हुआ। फतेहगढ़ सेंट्रल जेल निरीक्षण के बाद वरिष्ठ जेल अधीक्षक पीके शुक्ला ने बताया कि जेल निरीक्षण के दौरान वह साथ ही में मौजूद रहे। जिलाधिकारी और एसपी को जेल में किसी प्रकार की कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने बताया कि जेल में वैसे तो तमाम तरह के अपराधी बंद है। हाल फिलहाल पूर्व सांसद धनंजय सिंह को फतेहगढ़ सेंट्रल जेल शिफ्ट किया गया है। औचक निरीक्षण में उस बैरक में भी कुछ बरामद नहीं हुआ, जहां धनंजय सिंह बंद है। वहीं फतेहगढ़ जिला जेल के जेलर अखिलेश कुमार ने बताया कि उनके कार्यभार ग्रहण करने का यह पहला ही दिन है। जिलाधिकारी व एसपी के औचक निरीक्षण में उनके जेल में भी कुछ आपत्तिजनक बरामद नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि जेल में आने के बाद दोनों ही अधिकारियों ने बंदीरक्षकों के साथ बैरकों की सघनता से जांच की। इसके अलावा चारों कोनो को खंगाला गया और कैमरों इत्यादि की जांच की गयी। किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी या सामग्री नहीं मिली। बता दें कि फतेहगढ़ सेंट्रल जेल को प्रदेश में विशेष रुप से देखा जाता रहा है। यहां लखनऊ किलर भाई में से दो बंद है तो कुख्यात सुभाष ठाकुर जैसे कैदी भी बंद हुए है। पूर्व में वाराणसी के पूर्व विधायक अजय राय को भी फतेहगढ़ जेल में रखा गया था। इसके अलावा अभी हाल ही में नैनी जेल से पूर्व सांसद धनंजय सिंह को फतेहगढ़ जेल शिफ्ट किया गया है। हिन्दुस्थान समाचार/शरद/दीपक




