हमीरपुर, 17 मार्च (हि.स.)। गोहांड क्षेत्र केजरिया सम्पर्क मार्ग के बीच बीरा गांव में बुधवार को दोपहर बाद जर्जर विद्युत तार टूटकर गिरने से किसानों की लाखों रुपये की फसल खाक हो गयी। ग्रामीणों ने इस घटना को लेकर विद्युत विभाग पर लापरवाही बरतने के आरोप लगाये हैं। गोहांड क्षेत्र में अधिकांश ग्रामों में बिजली के तार खेतों से निकले हुए हैं। जिससे आये दिन किसानों की फसलें खाक होती है। किसान चंद्रशेखर पुत्र महेश्वरी लोधी, अरविंद पुत्र महेश्वरी व रामसिंह पुत्र महेश्वरी तीनों भाईयो के खेत में आग लग गयी। जिसमें गन्ने की फसल कटने के बाद नयी फसल के कल्ले निकल रहे थे। जिससे काफी फसल का नुकसान हो गया और वहीं पास में पड़ी दो ट्राली सूखी लकड़ी तथा आसपास के हरे पेड़ पौधे भी जलकर राख हो गए। ग्रामीणों ने बताया कि उस जगह आए दिन तार टूटते रहते हैं। पिछली साल तार टूटने से एक किसान की दो भैंस मर गयी थी। विद्युत विभाग क़ो कई बार सूचना देने के बाद भी संज्ञान में नहीं लिया जाता है। हिन्दुस्थान समाचार/पंकज/विद्या कान्त




