अराजकता व अलगाववाद की राजनीति कर रही कांग्रेस - गणेश केसरवानी
- कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के बयान पर जताया विरोध प्रयागराज, 13 जून (हि.स.)। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह द्वारा धारा 370 को दोबारा बहाली मामले में दिए गए बयान लेकर प्रयागराज भाजपा महानगर इकाई ने विरोध जताया है। यहां रविवार को महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी ने कहा कि कांग्रेस अराजकता व अलगाववाद की राजनीति कर रही है। कीडगंज स्थित महानगर कार्यालय में प्रतीकात्मक प्रदर्शन के दौरान भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जम्मू कश्मीर में धारा 370, 35ए जम्मू कश्मीर के लोगों में विभाजन पैदा करता था और धारा 370 जम्मू कश्मीर के सत्ताधारी नेताओं और तत्कालीन प्रधानमंत्री नेहरु की विकृति मानसिकता का परिचायक था। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने जम्मू कश्मीर के लोगों के हित में लोकतांत्रिक व संवैधानिक तरीके से ध्वस्त किया। धारा 370 और 35ए पर जिस तरीके से पाकिस्तान विधवा विलाप करता है, ठीक उसी प्रकार से कांग्रेस व कांग्रेस के नेता भी समय-समय पर विधवा विलाप करते हैं। कांग्रेस की सोच पाकिस्तान परक है। हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त