चित्रकूट, 01 मई (हि.स.)। जनपद में 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों को कोविड-19 वैक्सीन के लिए इंतजार करना होगा। फिलहाल इस आयु वर्ग के लिए विभाग को वैक्सीन नहीं मिली है। यह जानकारी शनिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा विनोद कुमार यादव ने दी। सीएमओ ने बताया कि शासन से निर्देश मिलने के बाद और वैक्सीन की उपलब्धता पर 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों का टीकाकरण शुरू किया जाएगा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा मुकेश पहाड़ी ने बताया कि जिले में 45 साल के ऊपर आयु वर्ग के लोगों का टीकाकरण चल रहा है। उन्होंने बताया कि आज सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, संयुक्त जिला अस्पताल और शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कर्वी में टीकाकरण किया गया। उन्होंने बताया कि 01 मई से 18 से 44 साल तक के लोगों का टीकाकरण की शुरुआत होनी थी, लेकिन वैक्सीन की अनुपलब्धता के चलते अभी इंतजार करना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि जिले में 18 से 44 साल के लोगों की तादाद चार लाख से अधिक है। हिन्दुस्थान समाचार/रतन/राजेश




