– जिला पंचायत चुनाव में उम्मीदवार उतारेगी प्रसपा इटावा, 21 मार्च (हि.स.)। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव मुख्यमंत्री योगी आदित्यपाथ के मुरीद हो चुके हैं। रविवार को इटावा में चौगुर्जी स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी बहुत मेहनत और भागदौड़ करते हैं। इसमें कोई शक नहीं है। लेकिन प्रदेश की अफसरशाही पूरी तरह से बेलगाम और भ्रष्टाचार में लिप्त है। वहीं, इस दौरान उन्होंने ऐलान किया प्रसपा जिला पंचायत चुनाव में उम्मीदवार उतारेगी। उन्होंने कहा कि डीजल-पैट्रोल, दवाई और बिजली के दामों में इजाफा इस बात का संकेत है कि सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है। उन्होंने बताया कि बीते शनिवार को प्रधानमंत्री मोदी से मिलकर पार्टी के नेताओं ने ज्ञापन सौंपा। भाजपा पर निशाना साधते हुए प्रसपा प्रमुख ने कहा कि इनके सरकार में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर पहुंच गया है। सरकारी विभागों में बिना पैसे कोई काम नहीं होता। प्रदेश के थानों और तहसीलों में खुलेआम भ्रष्टाचार चल रहा है। ओवरलोड खनन की पासिग में कौन-कौन लोग शामिल हैं, यह किसी से छिपा नहीं है। जन समस्याओं के निस्तारण में औपचारिकता निभाई जा रही है। समस्याएं ज्यों की त्यों बरकरार हैं। प्रधानमंत्री मोदी पर कटाक्ष करते हुए श्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री बंगाल में कह रहे हैं कि ममता ने प्रदेश को बर्बाद कर दिया है। 70 साल की बर्बादी को वे पांच साल में दूर कर देंगे। लेकिन प्रधानमंत्री सात साल में कुछ नहीं कर पाए तो पांच साल में क्या कर लेंगे। उन्होने कहा कि प्रसपा आगामी 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव में अपना उम्मीदवार हर हाल में उतारेगी। गैर भाजपा दलों को एकजुट करके भाजपा को रोकेंगे। उन्होने कहा कि सपा से गठबंधन पर फिलहाल अखिलेश से कोई बात नहीं हुई है। हिन्दुस्थान समाचार/रोहित




