लखनऊ, 12 मई (हि.स.)। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से कोविड मरीजों की सेवा में जुटे त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. सुरेश अहिरवार ने कहा कि बार-बार हाथ धोने से आने वाली शुष्कता के लिए साबुन बदल देना चाहिए। इससे शुष्कता सामान्य रूप से धीरे-धीरे समाप्त हो जाती है। डॉ. सुरेश ने हिन्दुस्थान समाचार से बातचीत करते हुए कहा कि कोविड संक्रमण से बचाव के लिए हर व्यक्ति बार-बार हाथ धो रहा है और कुछ लोगों द्वारा हाथ धोने से उनके हाथों की ऊपरी त्वचा छील जाने की जानकारी दी गयी। यह समस्या शुष्कता कहलाती है, इसे सूखापन या खुश्की भी कहते हैं। उन्होंने कहा कि शुष्कता होने पर अपना साबुन बदल देना चाहिए। हाथों पर नारियल का तेल का इस्तेमाल करें, इससे सूखापन समाप्त हो जाता है। साथ ही, हाथों पर सेनेटाइजर का उपयोग कर सकते है। उन्होंने जागरूकता संदेश देते हुए कहा कि अपने ध्यान में यह रखना जरूरी है कि हमने मास्क पहना है कि नहीं। हमारे आस पास कोई मास्क नहीं पहना है तो उसे भी टोकना है। हाथ धोना है और सामान्य रूप से 2 गज की दूरी बनाकर रखना है। हिन्दुस्थान समाचार/शरद





