गाजियाबाद, 14 जून(हि.स.)। 2022 विधानसभा चुनाव को लेकर नेताओं में दल बदलने का सिलसिला शुरू हो गया है। इसी कड़ी में सोमवार को बहुजन समाज पार्टी के कई नेताओं ने राष्ट्रीय लोक दल का दामन थाम लिया। रालोद के क्षेत्रीय अध्यक्ष यशवीर सिंह ने सभी को पार्टी की सदस्यता दिलाई और बसपा के वरिष्ठ नेता अरुण चौधरी भुल्लन को राष्ट्रीय लोक दल महानगर अध्यक्ष बनाने की घोषणा की। उन्होंने सभी सदस्यता ग्रहण करने वाले व्यक्तियों से राष्ट्रीय लोक दल में जुड़ने पर, संगठन में कार्य करने, शहर और गांव देहात में बूथ स्तर पर कमेटी बनाने के निर्देश दिए। रालोद के जिला अध्यक्ष अजय प्रमुख ने सभी का स्वागत करते हुए संगठन में विस्तार करने की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक साल का जो गन्ना पेमेंट बाकी बचा है, उस पर भुगतान की मांग लेकर आंदोलन करने की घोषणा की। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से 2022 के चुनाव में जुट जाने के लिए अपील की। इस मौके पर राष्ट्रीय सचिव चौधरी तेजपाल सिंह, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य,चौधरी मनवीर सिंह, प्रदेश महासचिव कुंवर अयूब अली, अमरजीत सिंह बिड़ड़ी मोदीनगर उपस्थित थे। हिन्दुस्थान समाचार/फरमान




