वाराणसी, 13 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने रविवार को सामाजिक संस्था संकल्प के सरंक्षक अनिल कुमार जैन को सम्मानित किया। जैन के पार्वतीपुरी कालोनी स्थित कार्यालय पहुंचे। प्रदेश अध्यक्ष ने अनिल कुमार जैन को उनके सामाजिक योगदान के लिए जमकर सराहा। इस मौके पर अनिल कुमार जैन ने संस्था के कार्यों के विषय में जानकारी दी। बताया कि वर्ष 1997 में संस्था द्वारा क्षयमुक्त काशी, निरोग काशी अभियान की शुरूआत हुई। इस मुहिम द्वारा अब तक 10 हजार से ज्यादा क्षय रोगी क्षय मुक्त होकर लाभान्वित हो चुके हैं। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से स्वच्छता, पर्यावरण सुरक्षा, पालीथिन मुक्त काशी के लिए संकल्प संस्था द्वारा चलाए गए मुहिम से भी रूबरू कराया। संस्था द्वारा सामाजिक दायित्वों के निर्वहन की प्रशंसा करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि ऐसे कार्यो में लोगों को आगे आना चाहिए। इस मौके पर काशी प्रांत क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव, महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव, नवीन कपूर, काशी क्षेत्र मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, पार्षद लकी वर्मा आदि उपस्थित रहे। हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर/विद्या कान्त




