– भदोही विधानसभा में दस पुलों का किया जा रहा निर्माण – अभिया से वरुणा नदी के कीर्तिपुर घाट तक होगा सड़क का निर्माण भदोही, 23 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) विधायक रविन्द्रनाथ त्रिपाठी ने शहीदी दिवस पर युवा सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए मंगलवार को कहा कि योगीराज में प्रदेश से गुंडाराज खत्म हो गया है। माफिया बिल में घूस गए हैं। सरकार जल्द ही लोगों को 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराएगी। युवा सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कहा कि जितना विकास 70 सालों में नहीं हुआ उससे कई गुना योगी और मोदी सरकार में हुआ। कभी लोग बिजली को तरसते थे, लेकिन आज लोगों को 18 घंटे मिल रही है। उन्होंने कहा कि भदोही के विकास में एक नया इतिहास जुड़ने जा रहा है। भदोही विधानसभा में एक साथ 10 सेतुओं का निर्माण किया जा रहा है। इतने पुल किसी सरकार में आज तक नहीं बने। कुढ़वा, हरदुआ, मधुपट्टी,आकोपुर, बरमोहनी, छितऊना घाट समेत कुल 10 पुल का निर्माण कराया जा रहा है। विधायक ने कहा कि मैं वादे पर काम पर विश्वास करता हूं। पीएम मोदी और सीएम योगी के नेतृत्व में देश का चहुंमुखी विकास हुआ है। मोदी सरकार ने देश को कोरोना की विभीषिका से बाहार निकाला। पूरे लॉकडाउन में सभी को योगी सरकार ने भोजन उपलब्ध कराया। किसानों को मोदी सरकार ने पैसा भेजा। सरकार ने जरुरतमंदों को मुफ्त में आवास सुविधा उपलब्ध कराई गई। भाजपा पंडित दीनदयाल उपाध्याय और बाबा साहब की नीतियों पर चलती है। भदोही विधायक ने कहा कि निदिऊरा ग्रामसमूह पेयजल योजना जल्द चालू होगी। लोगों के घरों तक जल्द पानी पहुंचेगा। इसका सर्वे हो गया है। श्रमिकों का रजिस्ट्रेशन भी किया जा रहा है। योगी सरकार भी उसे लाभ पहुंचाएगी। ऐसे परिवार के बच्चों की पढ़ाई का सारा खर्च उठाएगी। आप लोग सुरियावां ब्लॉक में रजिस्ट्रेशन करा लीजिए। योगी सरकार बेटियों की शादी मुफ्त में करा रही है। आप जागरूक नागरिक की भूमिका निभाएं और लाभ लेने के लिए आगे आएं। विधयाक ने जनसमूह के बीच घोषणा करते हुए कहा कि अभिया से वरुणा नदी के कीर्तिपुर घाट तक सड़क का निर्माण होगा। इसके साथ सरायकंसराय मार्ग से हरीपुर के शुकुलान बस्ती तक जल्द सम्पर्क मार्ग बनाया जाएगा। इसके अलावा अभिया से सरासयकंसराय तक सड़क का निर्माण किया जा रहा है। शीघ्र ही सड़क जनता को समर्पित होगी। इस दौरान अवधेश उमर वैश्य, दिनेश पांडेय, अजय मोदनवाल, चन्द्रमा प्रसाद उपाध्याय, सूर्य प्रसाद मालवीय, सचिन त्रिपाठी, संदीप शुक्ला, जटा शंकर दूबे, श्रीप्रकाश सिंह, अजित मिश्र, सुरेश वर्मा, आशीष वर्मा, विवेक दूबे और दूसरे लोग मौजूद रहे। हिन्दुस्थान समाचार/प्रभुनाथ




