बांदा, 21 मई (हि.स.)। बाढ़ से होने वाली अपार क्षति से जन समुदाय को बचाने को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कमेटी गठित की गयी। आगामी बाढ़ को दृष्टिगत रखते हुए आज हुई बैठक में जिलाधिकारी आनन्द कुमार सिंह ने समस्त तहसीलदारों को निर्देशित किया गया कि बाढ़ चौकियों का सत्यापन मौके पर लेखपालों के माध्यम से कराया जाए यदि चौकियों को बढ़ाने की आवश्यकता हो तो बाढ़ ली जायें। इसकी सूचना बाढ़ नियंत्रण कक्ष एवं प्रभारी अधिकारी दैवीय आपदा को दी जाए। उन्होंने कहा कि जनपद बांदा को विंध्याचल श्रेणी से निकलने वाली नदियों के कारण भीषण बाढ़ प्रकोप का सामना प्रतिवर्ष करना पड़ता है। जनपद में पड़ने वाली यमुना, केन तथा बागै नदी से अधिकांशतया जल प्लावन की स्थित उत्पन्न होती है।उन्होंने कमेटी के सदस्यों व जनपद के समस्त उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि तहसील, ब्लाक तथा न्याय पंचायत स्तरों पर बाढ़ समितियों को गठन करा लिया जाए एवं बाढ़ से सम्बन्धित बैठकें सुनिश्चित करा लें। नावों की पर्याप्त व्यवस्था करें तथा नाविकों के नाम, पते व मोबाइल नम्बरों सहित सूची बना लें। इसके अतिरिक्त गोताखोंरो को चिन्हीकरण करके नाम, पते व मोबाइल नम्बर व सूचीबद्ध कर लें। अधिशासी अभियंता सिंचाई प्रखण्ड बांदा को निर्देशित किया गया कि वर्षा के पूर्व बांधों के फाटकों को ठीक कराया जाए तथा तटबन्धों की मरम्मत, नहरों की सफाई तथा नहर पटरियों को ठीक कराया जाए। आगामी बाढ़ के दौरान नदी के सीमावर्ती क्षेत्रों में होने वाली कटानों की रोकथाम के लिए सुरक्षा व्यवस्था की जाए। इसी प्रकार अधिशाषी अभियंता केन नहर प्रखण्ड बांदा को निर्देशित किया कि कन्ट्रोल रूम की स्थापना कराले। अधिशासी अभियंता जल निगम एवं जल संस्थान को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल की व्यवस्था करें और हैण्डपम्पों के जल की जांच एवं उन्हें ठीक कराकर पीने योग्य पानी की व्यवस्था करायें। समस्त अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि समस्त स्थानीय निकायों में वर्षा के पूर्व नाले एवं नालियों की सफाई करा ली जाए। पुलिस विभाग को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक बाढ़ चौकी एवं प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस की व्यवस्था करें। बाढ़ की सूचनाओं एवं नदियों की दैनिक गेज के आदान प्रदान के लिए वायरलेस सेट लगा दिये जायें। जिला कृषि अधिकारी को निर्देशित किया कि कृषि फार्मों में पर्याप्त मात्रा में भूसा एकत्रित करा लें। बैठक में अपर जिलाधिकारी संतोष बहादुर सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी सदर सुधीर कुमार, मुख्य विकास अधिकारी हरिश्चन्द्र वर्मा, उप जिलाधिकारी नरैनी वंदिता श्रीवास्तव, अधिशासी अभियंता केन कैनाल अरविन्द पाण्डेय सहित सम्बन्धित कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे। हिन्दुस्थान समाचार/अनिल




