– लड्डू को लुटाने व लूटने में लगे रहे श्रद्धालु और सेवायत गोस्वामी मथुरा, 22 मार्च (हि.स.)। बरसाना में लठामार होली से एक दिन पूर्व सोमवार शाम प्रसिद्ध लड्डू होली का आयोजन हुआ, जिसमें सेवायत और भक्तों ने जमकर लड्डू बरसाएं, लड्डुओं को लपकने के लिए श्रद्धालुओं में होड़ सी लगी रही। लड्डुओं की बारिश से दुनियाभर का आनंद राधारानी के प्रांगण में मानो सिमट आया। हर कोई लड्डू लूटने में लगा दिखाई दिया। पूरा राधारानी मंदिर की छतरी परिसर श्रद्धालुओं की भीड़ से लबालव दिखाई दिया। लठामार होली के ठीक एक दिन पहले सोमवार शाम लाड़िली जी मंदिर का नजारा श्रद्धालुओं को आकर्षित करता दिखाई दिया। यहां लड्डू होली के आयोजन से पूर्व दोपहर से श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लग गई। बरसाना में प्रवेश करते ही जगह-जगह ढोल नगाड़ों पर श्रद्धालु थिरकते नजर आए। गुलाल और अबीर से सतरंगी छटा बिखरने लगी। समूचा भानु भवन केसरिया रंग में रंग गया। गोस्वामी समाज के लोगों ने ऊंचे स्वर में ढप और मृदंग की संगत पर गायन किया। नंदगांव से कान्हा के आगमन की सूचना देने आया पांड़े, मस्ती से झूम कर नाचा। लड्डू की बारिश के बीच हजारों श्रद्धालु खुद को धन्य मानते रहे। फाल्गुन सुदी अष्टमी सोमवार शाम को मंदिर के पट खुलते ही गोस्वामी समाज के लोगों ने समाज गायन शुरू किया। नंदगांव से आए पांड़े का सेवायत ने वृषभानु बाबा की ओर से स्वागत किया, तो वह हर्ष में नृत्य करने लगा। सेवायत और श्रद्धालु लड्डू लुटाने लगे। चारों तरफ लड्डुओं की बारिश होने लगी। भक्तों में लड्डुओं को लूटने की होड़ सी मच गई। राधारानी दरबार में अमीरी-गरीबी का भेदभाव मिटा दिया। सभी सिर्फ लड्डू लूटने में मस्त थे। हजारों किलो लड्डू लुटाए गए। समाज गायन के बाद रंगीली होली की दूसरी चौपाई निकाली गई। गोस्वामी समाज के बुजुर्ग लाड़िली जी मंदिर से महीभान मंदिर, सुदामा चौक, फूल गली होते हुई रंगीली के रंगेश्वर महादेव पहुंचे। चौपाई में समाज के युवा और बालक हर्ष में नाचते-गाते चल रहे थे। लठामार होली मंगलवार को, पांच जोन 12 सेक्टर में बंटा मेला क्षेत्र, चप्पे-चप्पे पर पुलिसबल रहेगा तैनात विश्व प्रसिद्ध बरसाने की लट्ठमार होली आज मंगलवार होगी इसे लेकर शासन प्रशासन ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली है मेला क्षेत्र को 5 जोन वह 12 सेक्टर में बांटा गया है इस अवसर पर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था में 3000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं इसको लेकर पिछले दिन जिला अधिकारी नवनीत चहल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉक्टर गौरव ग्रोवर ने बैठक की और और पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि वह सभी आए हुए श्रद्धालुओं से अपना व्यवहार ठीक रखें तथा अपनी जिम्मेदारी को पूरी तरह निभाए। सोमवार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि बरसाना को पांच जोन और 12 सेक्टर में बांटा गया है, एएसपी सीओ और मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है, मेले में 150 स्थानों पर सीसीटीवी लगाए गए हैं 10 वाच टावर हैं। इसके अलावा 4 ड्रोन से भी मेले की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। एसपी देहात श्रीश चंद ने बताया किस सोमवार को सुबह से ही नाकाबंदी कर ली गई है। श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित किया गया है। वाहनों को रोकने की दृष्टि से 35 स्थान पर बैरियर लगाकर पुलिस कर्मी तैनात किए गए। उन्होंने बताया बरसाना मेला स्थल से 5 किलोमीटर की दूरी पर सभी वाहन रोकी जाएंगे, इसी के साथ मेला स्थल में बाइक व रिक्शा चलने पर प्रतिबंध होगा। हिन्दुस्थान समाचार/महेश





