बलिया, 27 मई (हि.स.)। यास तूफान के असर से जिले में बारिश हो रही है। ऐसे में कुछ गेहूं क्रय केन्द्रों के बंद रहने से किसानों की धुकधुकी बढ़ गई है। इस बीच गुरुवार को बैरिया विधायक सुरेन्द्र सिंह अपने समर्थकों संग सोनबरसा क्रय केन्द्र पहुंच गए और उन्होंने इसे चालू करने की मांग की। क्रय केंद्र पर सैकड़ों किसानों के साथ पहुंचे विधायक सुरेन्द्र सिंह ने कहा कि मुझे जानकारी मिली कि सोनबरसा क्रय केन्द्र पर दो-तीन दिन से गेहूं की खरीद नहीं हो रही है। अधिकारी-कर्मचारी यहां बैठते ही नहीं। जबकि इलाके में बारिश हो रही है। ऐसे में क्रय केन्द्र के कर्मचारियों की हीला-हवाली से सैकड़ों किसानों का गेहूं बिक्री नहीं हो पा रहा। इस बात से एक दिन पहले ही मैंने उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया था। विधायक ने कहा कि आज भी जब मैं यहां आया तो पता चला गेहूं क्रय केन्द्र पर जिम्मेदार अधिकारी व कर्मचारी नहीं हैं। जिसके कारण इलाके के किसान परेशान हैं। विधायक ने कहा कि कुछ अधिकारी-कर्मचारी सरकार को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। हम यह होने नहीं देंगे। कहा कि किसानों का गेहूं सुचारू रूप से लेना ही होगा। इस दौरान विधायक के समर्थकों ने सड़क पर नारेबाजी भी की। वहीं, इस सम्बंध में बैरिया के एसडीएम प्रशांत नायक ने कहा कि इस क्रय केन्द्र पर नहीं आने वाले दो-तीन कर्मचारियों को डिप्टी आरएमओ ने सस्पेंड करने की कार्रवाई की है, जबकि कुछ कर्मचारियों को कोरोना हो गया है। कल तक क्रय केन्द्र चालू करने का प्रयास किया जाएगा। हिन्दुस्थान समाचार/पंकज/विद्या कान्त





