आजमगढ़, 19 अप्रैल (हि.स.)। जनपद में पोलिंग बूथों पर परिंदा भी पर नहीं मारने के दावे की पोल उस समय खुल गई जब फर्जी मतदान को लेकर दो पक्षों की नोंकझोंक के बाद अराजक तत्वों ने मतदान केन्द्र में घुसकर बैलेट बॉक्स में पानी डालकर फरार हो गये। हैरत की बात यह है कि वहां तैनात सुरक्षाकर्मी मूकदर्शक बने रहे। लालगंज तहसील के सरूपहा ग्राम पंचायत के कम्पोजिट विद्यालय सरूपहा में प्रत्येक केन्द्रों की तरह यहां भी शांतिपूर्ण मतदान चल रहा था। दोपहर करीब 11 बजे फर्जी मतदान को लेकर एजेंट आपस में भिड़ गये। देखते ही देखते मौके पर नोंकझोंक शुरू हो गई। इसी बीच किसी अराजक तत्व ने सुरक्षा व्यवस्था को धता बतातें हुए मतदान केन्द्र के अंदर पहुचें और बैलेट बॉक्स में पानी डाल दिया। जिसके बाद मतदान केन्द्र पर हड़कंप मच गया और मतदाओं में अफरा-तफरी मच गयी। पीठासीन अधिकारी ने इसकी जानकारी अधिकारियों को दी। जिसके बाद भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक अराजकतत्व मौके से फरार हो चुके थे। वहीं, जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि सररूपहा मतदान केन्द्र पर अराजक तत्वों ने बैलेट बॉक्स में पानी डाला है। इसकी जानकारी के बाद सररूपहा मतदान केन्द्र पर मतदान को रद्द कर दिया गया है। अराजतक तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जायेगी। गांव में पूरी तरह से शांति व्यवस्था कायम है। हिन्दुस्थान समाचार/राजीव/दीपक




