अंबेडकर नगर, 17 अप्रैल (हि.स.)। जिले में कोरोना का संक्रमण तेजी से बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को सांसद रितेश पाण्डेय, जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन और उपजिलाधिकारी मोइनुल इस्लाम कोरोना संक्रमित पाये गए हैं। सांसद व अधिकारियों ने खुद को होम आईसोलेट कर लिया है। आज 115 लोगों में संक्रमण की पुष्टि होने के साथ ही जिले में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या 478 पर पहुंच गई है। केवल 9 लोग ही स्वस्थ हो सके। पूर्व सांसद राकेश पांडे पहले ही संक्रमित हो चुके थे। अब उनके पुत्र वर्तमान सांसद रितेश पांडे की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इसकी जानकारी रितेश पांडे ने फेसबुक पर पोस्ट करके दी थी। वरिष्ठ भाजपा नेता अवधेश द्विवेदी भी संक्रमण की जद में आ गए हैं। इसके अलावा डॉ. गंगाराम गौतम, डॉ. रेनू वर्मा, डॉ गौतम मिश्रा ,डॉ. विजय बहादुर गौतम समेत बड़ी संख्या में लोग संक्रमण की जद में आ चुके हैं। ग्रामीण अंचलों में कोरोना का संक्रमण काफी तेजी के साथ फैल रहा है। एनटीपीसी हाट प्वाइंट में तब्दील हो चुका है। हालांकि उप जिलाधिकारी की आरटीपीसीआर निगेटिव है। हिन्दुस्थान समाचार/मनीष




