मेरठ, 06 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन, नेहरू युवा केंद्र, ट्री क्रेज संस्था व गंगा दूतों के सहयोग से मां गंगा के महत्व, सुंदरता, स्वच्छता व आस्था के विषय में जन-जन को जागरूक करने गंगा स्वेस्ट 2021 का आयोजन किया जाएगा। सात अप्रैल विश्व स्वास्थ्य दिवस से विश्व प्रवासी पक्षी दिवस आठ मई तक राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मनोरंजक व ज्ञानवर्धक ऑनलाइन प्रतियोगिता का आयोजन होगा। जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे तुषार गुप्ता ने बताया कि गंगा क्वेस्ट 2021 के विजेताओं की घोषणा 20 जून गंगा दशहरा के अवसर पर की जाएगी। इस प्रतियोगिता में दस वर्ष से ऊपर के कोई भी प्रतिभागी भाग ले सकते हैं। इस प्रतियोगिता में व्यक्तिगत या सामूहिक रूप से प्रतिभाग किया जा सकेगा। डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डाॅटगंगाक्वेस्टडाॅटकाॅम पर जाकर प्रतियोगी अपना पंजीकरण कराकर आॅनलाइन क्विज खेलेंगे। क्विज के प्रथम दिन पहले 100 प्रतिभागियों को एक स्पेशल पुरस्कार व प्रत्येक सोमवार को प्रथम 50 प्रतिभागियों को भी स्पेशल पुरुस्कार दिए जायंगे। क्विज से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए नमामि गंगे जिला परियोजना अधिकारी से संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि इस क्विज के माध्यम से मां गंगा के सामाजिक सद्भाव, आर्थिक एवं सांस्कृतिक भावनाओं के साथ हमारे जलीय जीवों खासकर डॉल्फिन के महत्व पर भी जनजन को जागरूक किया जाएगा। इससे भारत सरकार की नमामि गंगे परियोजना को जनांदोलन में बदला जा सकेगा। हिन्दुस्थान समाचार/कुलदीप




