नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क। उत्तर प्रदेश के संभल जिले में सड़कों पर भीख मांगने या छोटे-मोटे काम करने वाले 30 बच्चों की जिंदगी अब एक नई दिशा ले रही है। प्रशासन और एक गैर-सरकारी संगठन की संयुक्त पहल से इन बच्चों को 26 जनवरी को लखनऊ में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने का अवसर मिला है।
अधिकारियों के अनुसार यह बच्चों के लिए संघर्ष से सम्मान तक पहुंचने की असाधारण यात्रा है। ये बच्चे परेड के दौरान मार्चिंग बैंड का हिस्सा बनकर अपनी प्रस्तुति देंगे और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में प्रदर्शन करेंगे। यह अनुभव न केवल बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाएगा, बल्कि समाज के लिए भी एक सकारात्मक संदेश देगा।
‘उम्मीद’ संस्था और जिला प्रशासन की पहल
अधिकारियों के अनुसार यह पहल संभल जिला प्रशासन और गैर-सरकारी संस्था ‘उम्मीद’ के संयुक्त प्रयास का परिणाम है। संस्था की प्रमुख रैना शर्मा ने बताया कि जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया के निर्देश पर पूरे जिले में किए गए सर्वेक्षण में 268 भीख मांगने वाले बच्चों की पहचान हुई। इनमें से 30 बच्चों को सरकारी स्कूलों में दाखिला दिलाया गया और गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होने के लिए चुना गया। चयनित बच्चों ने अब भीख मांगना छोड़ दिया है और इनके आधार कार्ड सहित सभी आवश्यक दस्तावेज पूरे कर दिए गए हैं।
रैना शर्मा ने बताया कि ये बच्चे 7 से 14 साल की उम्र के हैं। उन्हें बहजोई पुलिस लाइन में विशेष प्रशिक्षण दिया गया और परेड में इस्तेमाल होने वाले सभी बैंड वाद्ययंत्र जिला प्रशासन ने उपलब्ध कराए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि बाकी बच्चों के दस्तावेज तैयार करने और उन्हें औपचारिक शिक्षा प्रणाली में शामिल करने के प्रयास अभी जारी हैं।
भविष्य में नई दिल्ली की परेड में भी हो सकते हैं शामिल
भीख मांगने पर निर्भर ऐसे बच्चों का पुर्नवास खास पहल ‘भीख से सीख’ के तहत किया जा रहा है। अब तक चयनित 30 बच्चों को लखनऊ में आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में संभल का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला है। संस्था ‘उम्मीद’ की प्रमुख रैना शर्मा ने बताया कि इन बच्चों को अगले साल नई दिल्ली में होने वाली गणतंत्र दिवस परेड में भी शामिल किए जाने पर विचार किया जा सकता है। जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया ने बताया कि लखनऊ में आयोजित गणतंत्र दिवस परेड के लिए चुने गए बच्चों का पहले प्रशिक्षण कराया गया और वर्तमान में वे लखनऊ में ही परेड में हिस्सा ले रहे हैं। भविष्य में नई दिल्ली की परेड में उनका चयन हो सकता है।





