गंगटोक, 15 जून (हि. स.)। सिक्किम में मीडिया कर्मियों के कौशल विकास के लिए राज्य सरकार ने बजट में प्रावधान किया है। सोमवार से शुरू हुए विधानसभा सत्र के तहत वित्तीय वर्ष 2021-22 के बजट भाषण में मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार राज्य के मीडिया को और अधिक जीवंत, नवोन्मेषी और प्रतिस्पर्धी बनाना चाहती है। इसलिए सरकार ने राज्य में मीडिया अध्येतावृत्ति स्थापित करने का निर्णय लिया है। अध्येतावृत्ति के तहत सिक्किम के मीडिया कर्मियों को एक अवसर मिलेगा, जिससे उन्हें तुलनात्मक रूप से अधिक निष्पक्ष और वैज्ञानिक तरीके से विभिन्न विकास योजनाओं और परियोजनाओं का मूल्यांकन करने में मदद मिलेगी। इससे पत्रकारों में प्रतिस्पर्धी व्यावसायिकता की भावना को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री तमांग ने कहा कि मीडिया अध्येतावृत्ति प्रत्येक चयनित मीडिया कर्मियों को देश एवं बाहर उच्च प्रभाव वाली किसी भी बड़ी विकास परियोजनाओं के भ्रमण पर जाने, मूल्यांकन करने, रिपोर्ट तैयार करने और सिक्किम सरकार को एक पूर्ण अंतिम रिपोर्ट प्रस्तुत करने का अधिकार देगी। इस तरह की परियोजनाओं को सिक्किम और सिक्किम के लोगों के लिए कैसे उपयोगी बनाया जा सकता है, इस पर सुझाव और टिप्पणियां भी इस रिपोर्ट में शामिल की जाएगी। इसका लाभ सिक्किम के सभी मान्यता प्राप्त पत्रकार/मीडिया कर्मियों को मिलेगा। सरकार प्रति वर्ष 10 अध्येतावृत्ति तय करेगी और अध्येतावृत्ति की राशि एक लाख रुपये प्रति वर्ष है।हिन्दुस्थान समाचार/बिशाल




