नई दिल्ली, रफ्तार न्यूज। राजस्थान के देवली-उनियारा सीट पर हुए उपचुनाव में वोटिंग के दौरान निर्दलीय उम्मीदवार नरेश मीणा ने एसडीएम अमित चौधरी को थप्पड़ मार दिया। अब यह घटना राजस्थान की राजनीति में चर्चा का विषय बन गई है। एसडीएम को थप्पड़ मारने के बाद पुलिस की कामकाज की शैली पर सवाल उठाए जा रहे हैं और नरेश मीणा की गिरफ्तारी में देरी होने पर प्रशासन पर भी लापरवाही के आरोप लग रहे हैं।
नरेश मीणा कौन है?
नरेश मीणा राजस्थान के बारां जिले के रहने वाले हैं और कांग्रेस के बागी नेता हैं। देवली-उनियारा सीट से पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस से टिकट मांगा था लेकिन पार्टी ने टिकट नहीं दिया। इसके बाद नरेश मीणा ने निर्दलीय चुनाव लड़ा और 44 हजार वोट प्राप्त किए जिससे कांग्रेस को नुकसान हुआ। इस चुनाव में बीजेपी के उम्मीदवार ने सिर्फ 5 हजार वोटों से जीत हासिल की।
नरेश मीणा किरोड़ीलाल मीणा के करीबी माने जाते हैं और उन्हें सचिन पायलट का भी नजदीकी साथी कहा जाता है। 2017 में जयपुर में मीणा समाज की रैली के दौरान उन्होंने अपने अंगूठे पर कट लगाकर किरोड़ीलाल मीणा के सिर पर खून से तिलक किया था।
नरेश मीणा को गुरुवार को पुलिस ने किया गिरफतार
देवली-उनियारा में एसडीएम को थप्पड़ मारने के बाद समरावता गांव में तनाव बढ़ गया। पुलिस बुधवार रात से ही नरेश मीणा को पकड़ने की कोशिश कर रही थी क्योंकि उनके समर्थकों के उत्पात के बाद नरेश मीणा फरार हो गया था। गुरुवार सुबह नरेश मीणा अपने समर्थकों के साथ वापस गांव आया। फिर गुरुवार दोपहर पुलिस ने आखिरकार नरेश मीणा को गिरफ्तार कर लिया।





