जयपुर, 13 मार्च (हि. स.)। प्रदेश के नागरिकों को डिजिटल साक्षर बनाने के साथ-साथ राजस्थान नॉलेज कॉरपोरेशन लिमिटेड (आरकेसीएल) सामाजिक जिम्मेदारी निभाने के लिए भी कदम बढ़ा रहा है। राज्य सरकार द्वारा प्रवर्तित कंपनी आरकेसीएल की ओर से शनिवार को कॉरपोरेट सोशल रेस्पोंसिबिलिटी (सीएसआर) के तहत सवाई मानसिंह अस्पताल में 11 ईसीजी मशीनें भेंट की गई। आरकेसीएल के अध्यक्ष व गृह विभाग के प्रमुख शासन सचिव अभय कुमार के निर्देशन में यह जिम्मेदारी निभाई गई। आरकेसीएल की कम्पनी सचिव मधु राठी ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं को संबल प्रदान करने के क्रम में सीएसआर के तहत एसएमएस अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. राजेश शर्मा को मशीनें सौंपी गई। इस मौके पर डॉ. शर्मा ने कॉरपोरेशन की ओर से चिकित्सा क्षेत्र में हुई सकारात्मक पहल की सराहना की। इस अवसर पर आरकेसीएल के मुख्य वित्त अधिकारी दिनेश खंडेलवाल, प्रबंध निदेशक रवींद्र शुक्ला, मार्केटिंग हेड अभय शंकर सहित उपस्थित रहे। कंपनी सचिव ने बताया कि झालाना डूंगरी स्थित राजस्थान नॉलेज कॉरपोरेशन लिमिटेड वर्ष 2008 से कार्यरत है। कॉरपोरेशन राज्य में डिजिटल साक्षरता के प्रचार-प्रसार के क्षेत्र में अग्रणी कंपनी है। आरकेसीएल के प्रयासों से ही अभी तक राजस्थान में 55 लाख से अधिक नागरिक डिजिटल साक्षर हो चुके है। हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/संदीप




