उदयपुर/राजसमंद, (हि.स.)। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं रक्षामंत्री राजनाथ सिंह शुक्रवार को चुनावी दौरे पर राजस्थान के राजसमंद पहुंचे। वे यहां नाथद्वारा से भाजपा प्रत्याशी कुंवर विश्वराज सिंह तथा राजसमंद प्रत्याशी दीप्ति माहेश्वरी की नामांकन रैली में शामिल हुए। उन्होंने इस दौरान प्रभु श्रीनाथजी के दर्शन भी किए।
नेताओं की कथनी और करनी में अंतर
राजसमंद की चुनावी सभा में राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय नेताओं की कथनी और करनी में अंतर होने से जनता का उन पर विश्वास धीरे-धीरे खत्म होता चला गया। विश्वास का यह संकट कांग्रेस ने गहरा किया है। इस खत्म होते विश्वास को चुनौती के तौर पर प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा ने लिया है। उन्होंने कांग्रेस की तुलना वर्ल्ड कप में पाकिस्तानी टीम से भी की और कहा कि ये चुनाव भी वर्ल्ड क्रिकेट कप से कम नहीं है। कांग्रेस की हालत भी राजस्थान में पाकिस्तानी टीम जैसी हो गई है। चुनाव शुरू होते ही कांग्रेस टूर्नामेंट से बाहर होती दिख रही है। भाजपा भारतीय टीम चैम्पियन की तरह आगे बढ़ रही है।
राजस्थान में सांप्रदायिक तत्व तांडव कर रहे हैं- राजनाथ सिंह
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव के दौरान जो वादे किए थे, वे कितने पूरे हुए, ये सभी जानते हैं। चाहे व्यक्ति हो, संगठन हो या सरकार, ऐसा होनी चाहिए कि जो कहे उसे करे। उसके कहने और करने में फर्क नहीं होना चाहिए। राजनाथ सिंह ने कहा कि राजस्थान में सांप्रदायिक तत्व तांडव कर रहे हैं और आप चैन की नींद सो रहे हैं। यूपी में जाकर देखिए, जरा भी किसी ने इधर-उधर करने की कोशिश की और…जय श्री राम। तुष्टीकरण की राजनीति नहीं होनी चाहिए। जाति-पंथ और मजहब की भी राजनीति नहीं होनी चाहिए। हिंदू-मुस्लिम की भी राजनीति नहीं होनी चाहिए।
राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर बोला हमला
राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर प्रहार किया कि जयपुर में संप्रदाय विशेष की ओर से सड़क पर मर्डर (रोडरेज) की घटना हो जाती है तो आप 50 लाख और डेयरी का बूथ दे देते हैं। आप उसे देते हैं तो भीलवाड़ा के तापड़िया और चित्तौड़गढ़़ के सोनी को भी मिलना चाहिए। इनकी बात आती है तो आपकी जुबान पर दही जम जाता है।





