राजस्थान, रफ्तार डेस्क। राजस्थान में मतदाताओं का इंतज़ार हुआ खत्म। सुबह 7 बजे से प्रदेश की 199 विधानसभा सीटों मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई है। मतदाता बड़ी संख्या में मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। प्रदेश में आज 200 की जगह 199 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। आज राजस्थान विधानसभा की 200 सीटों पर चुनाव होने थे, मगर श्रीगंगानगर जिले की श्रीकरणपुर विधानसभा सीट पर चुनाव को स्थगित कर दिया गया जिसके बाद अब सिर्फ 199 सीटों पर मतदान हो रहा हैं।
200 की जगह 199 सीटों पर क्यों हो रहा मतदान?
दरअसल, 14 नवंबर को कांग्रेस के उम्मीदवार गुरमीत सिंह कुन्नर का निधन हो गया है, जिसके कारण इस विधानसभा सीट पर चुनाव को स्थगित कर दिया गया है। उनका दिल्ली के एम्स अस्पताल में निधन हुआ, उन्हें 12 नवंबर को एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बता दें कि पिछले तीन विधानसभा चुनाव राजस्थान में 199 सीटों पर ही हुए हैं।
विधानसभा चुनाव के परिणाम 3 दिसंबर को
आज हो रहे विधानसभा चुनाव में 5,25,38,105 मतदाताओं का अपने मताधिकार का प्रयोग करने की संभावना है। जिनपर 1862 उम्मीदवारों के भाग्य की जिम्मेदारी है। राजस्थान विधानसभा चुनाव का परिणाम 3 दिसंबर को आएंगे। जिसका जनता के साथ साथ सभी उम्मीदवारों को खूब इंतज़ार रहेगा। सभी की नज़रे इस चुनाव में टिकी हुई है। सभी देखना चाहते है कि अशोक गहलोत फिर से सत्ता में काबिज हो पाएंगे या फिर बीजेपी बाजी मार जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था काफी सख्त
प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था काफी सख्त कर दी गयी है। प्रदेश में 1 लाख 70 हजार सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है, जिसमे 70 हजार से ज्यादा राजस्थान पुलिस के पुलिसकर्मी, 18 हजार राजस्थान होमगार्ड्स के अलावा अन्य सबसे महत्वपूर्ण केन्द्रीय अर्ध-सैनिक बल(सीआरपीएफ, बीएसएफ, आईटीबीपी, सीआईएसएफ, एसएसबी, आरपीएफ आदि) भारी संख्या में शामिल हैं। इसमें 2 हजार राजस्थान बॉर्डर होमगार्ड्स, 15 हजार अन्य राज्यों के होमगार्ड्स ( उत्तर प्रदेश, गुजरात, हरियाणा, मध्य प्रदेश), आरएसी की 120 कंपनियां भी शामिल हैं। राजस्थान में शाम 6 बजे तक मतदान चलेगा, जिसकी हर ताज़ा खबर हम आपको देते रहेंगे, बने रहे हमारे साथ।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in




