जयपुर, 05 जून (हि.स.)। एकादशी व विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को पाथेय परिसर की वाटिका स्थल पर पंचवटी लगाई गई। इस अवसर पर मित्रा सेवा संस्थान एवं भोमिया सेवा संस्थान के चार-चार कार्यकर्ता एवं अपना संस्थान के अशोक कुमार व उनके साथियों के नेतृत्व में पौधों को रोपने की वैज्ञानिक पद्धति भी सिखाई गई। प्रान्त पर्यावरण गतिविधि के प्रमुख अशोक कुमार ने बताया कि पौधारोपण की सही पद्धति से पौधा लगाने के लिए तीन फीट गहरा गड्ढा व एक फ़ीट ऊंचा पौधा होना चाहिए। पौधे को पहले पानी में डुबोकर गीला कर लिया जाए। पौधे को गोलूकोस मिले, इसके लिए गड्डे में गन्ने के छिलके, नाइट्रोजन के लिए सूखे पत्ते एवं प्रोटीन के लिए देसी खाद का उपयोग करना चाहिए व पौधे के निकट नमी बनाए रखने के लिए नारियल के छिलके का बुरादा भी साथ में डालना चाहिए। पाथेय भवन में लगाई गई पंचवटी के अन्तर्गत बड़, आंवला, अशोक, पीपल व बिल्व के पांचों पौधों का रोपण ताऊ रमाकान्त, माणकचंद, मनोज आचार्य, मनोज जोशी व भगवान सहाय ने किया। इससे पूर्व पौधों को ससम्मान गाड़ी से उतारकर स्वागत-अभिनंदन किया गया। पौधों का पूजन रमाकांत ताऊ ने किया व पौधे लगाते समय मंत्रोच्चार भी किया गया। इस अवसर पर मनोज कुमार ने बताया कि भारतीय संस्कृति पर्यावरण प्रेमी व प्रकृति पूजक रही है। हमारे यहां परंपरा से हरियाली अमावस, आंवला नवमी, पीपल पूनम आदि पर्व मनाए जाते हैं। अंत में पौधों की आरती कर हलवे व मिश्री का प्रसाद एवं पाथेय का विशेषांक भेंट किया गया। हेडगवार स्मृति सेवा संस्थान ने लगाए अनेक पौधे डॉ. हेडगवार स्मृति सेवा संस्थान द्वारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के द्वितीय सरसंघचालक माधव राव सदाशिव राव गोलवलकर की पुण्यतिथि व विश्व पर्यावरण दिवस पर किशनगढ़ में अनेकों स्थानों पर 101 पौधे लगाए गए। डॉ. हेडगवार स्मृति सेवा संस्थान के अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल व राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नगर संघचालक राम अवतार अग्रवाल ने बताया कि स्वयंसेवकों द्वारा आम, जामुन, पीपल, आंवला, बीलपत्र और नीम के पेड़ लगाए गए। जो आने वाले समय में ऑक्सीजन की कमी को पूरा करेंगे। इनसे पक्षियों को फल भी प्राप्त होंगे। अपना संस्थान के प्रमुख रामप्रसाद शर्मा ने पेड़ों की देखभाल करने व उन्हें जल पिलाने का संकल्प ले रखा है। कार्यक्रम में विभाग के सह कार्यवाह हेमराज तिवारी, जिला सेवा प्रमुख रूपेंद्र सिंह, नगर कार्यवाह गोपाल प्रजापति, सह नगर कार्यवाह अभिषेक विजयवर्गीय, मोहित नागलिया, नीरज यादव, पवन जैन, जिला प्रचार प्रमुख अभिषेक पारीक, लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष दीपक शर्मा, राहुल, सत्यनारायण पंवार, भारत विकास परिषद के अध्यक्ष ओमप्रकाश मेनावत, पर्यावरण प्रकल्प प्रभारी राजेंद्र कर्णावत, मातृशक्ति प्रमुख ममता रांवका, सरिता मंत्री, सह सचिव भगवान बाहेती, अनिल जैन आदि उपस्थित रहे। हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/संदीप




