भरतपुर, 06 जून (हि.स.)। जिले के सीकरी थाना इलाके में शनिवार देर रात एक युवक ने नींद में सोए एक व्यक्ति पर फावड़े से हमला कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपित परिजनों से छिपने के लिए एक कुएं में कूद गया, जिसे करीब सात घंटे बाद एसडीआरएफ की टीम ने बाहर निकाला है। आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार बलवीर सीकरी थाना इलाके के बडक़ा गांव में करीब एक साल से रह रहा है। वह गांव में ही मजदूरी करता है। बलवीर उत्तरप्रदेश में हमीरपुर जिले के मुसेपुर गांव का रहने वाला है। दो दिन पहले बलवीर का हमीद नाम के व्यक्ति से झगड़ा हो गया था। बीती रात करीब दो बजे बलवीर रंजिश का बदला लेने के लिए हमीद के घर पहुंचा। घर के बाहर सो रहे हमीद के भाई आसीन पर फावड़े से वार कर दिया। उस समय आसीन की पत्नी भी वहीं सो रही थी। आसीन की आवाज़ सुन उसकी पत्नी जाग गई और उसने शोर मचाया। इससे आसीन के परिजन और स्थानीय लोग भी जाग गए। इसके बाद बलवीर वहां से भाग खड़ा हुआ। बलवीर अपनी जान बचाने के लिए गांव के एक कुएं में कूद गया। काफी कोशिश के बाद भी लोग उसे कुएं से निकाल नहीं पाए। पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने भी बलवीर को कुएं से बाहर निकालने की काफी कोशिश की लेकिन जान बचाने के लिए वह कुएं से बाहर नहीं आया। कुएं में सिर्फ 5 फीट पानी था। इस कारण बलवीर कुएं में ही छिपा रहा। इसके बाद रविवार सुबह एसडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया गया और बलवीर को सवेरे 10 बजे बाहर निकाला गया। पुलिस ने बलवीर को हिरासत में ले लिया है। हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/संदीप




