भरतपुर, 03 जून (हि.स.)। भाजपा सांसद रंजीता कोली पर बीते दिनों हुए हमले के मामले में पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार विश्नोई ने उनके गनमैन लोकेश को निलंबित कर दिया है। सांसद पर हमले के समय गनमैन लोकेश की ओर से हमलावरों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई नहीं करने के आरोप में उसे निलंबित किया गया है। पिछले दिनों 27 मई की मध्य रात्रि को सांसद रंजीता कोली पर हमले की वारदात के समय उनका गनमैन लोकेश साथ ही था। जांच में सामने आया कि गनमैन लोकेश ने हमलावरों के खिलाफ कोई जवाबी कार्रवाई नहीं की थी। गनमैन की लापरवाही को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार विश्नोई ने उसे निलंबित करने के आदेश किए है। पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार विश्नोई ने बताया कि जनप्रतिनिधियों के साथ गनमैन उनकी सुरक्षा के लिए लगाए जाते हैं, लेकिन सांसद पर हमले के समय गनमैन ने हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की और ना ही उसने पूरी जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाई। इसलिए गनमैन लोकेश को निलंबित कर दिया गया है। याद रहे कि 27 मई की मध्य रात्रि को भाजपा सांसद रंजीता कोली वैर कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करने जा रही थी, तभी कुछ अज्ञात बदमाशों ने उनकी गाड़ी पर पथराव कर दिया, जिसमें सांसद की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई थी और खुद सांसद बेहोश हो गई थी। इस घटना की निंदा करते हुए भाजपा ने गहलोत सरकार की कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए थे। हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/संदीप




