डूंगरपुर, 13 मई (हि.स.)। वैश्विक कोरोना महामारी के त्रासदीपूर्ण आघातों से न केवल पीड़ित बल्कि पूरे के पूरे परिवार मुश्किल हालातों का सामना कर रहे हैं। कई लोग इस आपदा में लाभ के अवसर तलाशने में लगे हैं तो कई मानवता की मिशाल पेश कर रहे हैं। इसी क्रम में मोड़ (मेवाड़ा) कलाल समाज सेवा संस्थान दस इकाई, डूंगरपुर के पदाधिकारियों ने डूंगरपुर हॉस्पिटल परिसर का अवलोकन कर रोगियों व उनके परिजनों की चाय एवं नाश्ते की समस्याओं को जाना तथा तुरंत आवश्यक मदद हेतु समाज आगे आया। समाज के अध्यक्ष चिमनलाल कलाल गैंजी व पदाधिकारी डॉ. मोहनलाल नवलश्याम हाल निवासी डूंगरपुर, मनोहरलाल बिलड़ी, चंदूलाल बालाडीट व देवीलाल राजपुर ने हॉस्पिटल परिसर में संचालित रोटी बैंक को इक्यावन हजार सहायतार्थ भेंट किये व आगे भी आवश्यक मदद का भरोसा दिया। लॉकडाउन की वजह से सबसे ज्यादा समस्या डूंगरपुर में बाहर से आने वाले लोगों को है। रोगियों के परिजनों को चाय व नाश्ते की समस्या को देखते हुए शुक्रवार से हॉस्पिटल परिसर में स्थित रोटी बैंक में रोगियों के परिजनों को प्रातः 8 से 9 बजे तक करीब 200 लोगों के लिये निःशुल्क चाय व नाश्ता उपलब्ध रहेगा। इस अवसर पर रोटी बैंक के प्रेमांशु पंड्या, महेशचन्द्र जैन, बंशीलाल कटारा व प्रदीप रोत ने कलाल समाज की प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया। समाज अध्यक्ष चिमनलाल ने इस नेक काम में आवश्यक सहयोग करने हेतु चाय-नाश्ते के निर्धारित समय पर मोहनलाल नवलश्याम एवं देवीलाल राजपुर को अपनी टीम के साथ यथा सम्भव उपस्थित रहने का दायित्व प्रदान किया है। हिंदुस्थान समाचार / संतोष व्यास/संदीप
मोड़ (मेवाड़ा) कलाल समाज सेवा संस्थान की पहल: अस्पताल परिसर में मिलेगा नि:शुल्क चाय-नाश्ता, रोटी बैंक को सौंपा इक्यावन हजार का चेक
Also Read:




