Rajiv Gandhi Rural and Urban Olympic Games 2023: राजस्थान में आज शनिवार (5 अगस्त) को राजीव गांधी शहरी और ग्रामीण ओलंपिक खेलों का भव्य शुभारम्भ किया जा रहा है। राजस्थान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आज सवाई मानसिंह स्टेडियम जयपुर में राजीव गांधी ग्रामीण और शहरी ओलंपिक खेल प्रतियोगिता का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता खेल राज्यमंत्री अशोक चांदना करेंगे। राजीव गांधी ग्रामीण और शहरी ओलंपिक खेल प्रतियोगिता के लिए प्रदेश के 11 हजार 252 ग्राम पंचायतों और 538 नगरीय निकायों के 10 वर्ष से लेकर 82 वर्ष तक के 58.51 लाख खिलाड़ियों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया है। राजस्थान सरकार द्वारा इन खेलो के लिए 130 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है।
कब किस प्रतियोगिता का होगा आयोजन?
आपको बता दें राजीव गांधी ग्रामीण और शहरी ओलंपिक खेल प्रतियोगिता में ग्रामीण ओलंपिक खेल 4 स्तर पर होंगे। यह सबसे पहले ग्राम पंचायत पर शनिवार (5 अगस्त) से शुरू होकर 10 अगस्त तक चलेंगे। उसके बाद ब्लॉक स्तर पर 17 अगस्त से 22 अगस्त तक, फिर जिला स्तर पर 1 सितंबर से 6 सितंबर तक आयोजित किये जाएंगे। उसके बाद राज्य स्तर पर 15 सितंबर से 18 सितंबर तक राजीव गांधी शहरी और ग्रामीण ओलंपिक के खेलों का आयोजन किया जाएगा। राजीव गांधी ग्रामीण और शहरी ओलंपिक खेलो में सात-सात खेल स्पर्धाएं प्रस्तावित हैं।
कितने खिलाड़ियों ने किया पंजीकरण?
गौरतलब है कि राजीव गांधी शहरी और ग्रामीण ओलंपिक खेलों के लिए शहरी ओलंपिक खेलों में कुल 61 हजार 581 खिलाड़ियों ने भाग लेने के लिए पंजीकरण कराया है। और ग्रामीण क्षेत्रों में खेलों के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर अब तक 16 हजार 601 टीमों का गठन किया गया है। राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेलों में भाग लेने के लिए 1 लाख 77 हजार 372 खिलाडियों का पंजीकरण किया गया है। भरतपुर जिले से कुल 2 लाख 38 हजार 953 खिलाड़ियों का पंजीकरण किया गया है।
इन स्पर्धाओं का होगा आयोजन
राजीव गांधी ग्रामीण और शहरी ओलंपिक खेल प्रतियोगिता में ग्रामीण ओलंपिक में बालक/बालिका सभी वर्गो के लिए कबड्डी, शूटिंग बॉल, टेनिस बॉल क्रिकेट, खो-खो, वॉलीबॉल, फुटबॉल और रस्साकशी स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगे। इसके साथ शहरी ओलिंपिक में बालक/बालिका सभी वर्गो के लिए कबड्डी, टेनिस बॉल क्रिकेट, खो-खो, खो-खो, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स (100 मी. 200 मी. एवं 400 मी.), बास्केटबॉल की स्पर्धाएं आयोजित होंगी। इसके अलावा शहरी ओलिंपिक में बालक वर्ग में फुटबॉल का आयोजन किया जा रहा है।
क्या है राजीव गांधी शहरी एवं ग्रामीण ओलम्पिक?
राजीव गांधी ग्रामीण और शहरी ओलंपिक खेल प्रतियोगिता का आयोजन राजस्थान सरकार द्वारा किया जता है। सरकार का कहना है कि इन खेलो के माध्यम से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न खेलों को बढ़ावा देने के साथ प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया जाता है। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मई 2022 में राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार शुरू करने की घोषणा के साथ की थी। वर्ष 2022 इन खेलों का आयोजन 29 अगस्त से 20 अक्टूबर तक किया गया था। इन खेलों में पिछले साल 30 लाख प्रतियोगियों ने हिस्सा लिया था, जिसमें से 10 लाख महिला प्रतिभागी थीं। वर्ष 2023 के लिए आयोजित किए जाने वाले राजीव गांधी ग्रामीण एवं शहरी ओलम्पिक 2023 खेलों के लिए अब तक 56 लाख से अधिक रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं।





