जयपुर, 05 मई (हि.स.)। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता व विधायक रामलाल शर्मा ने सरकार को अस्थमा, न्यूरो मरीजों एवं एम्बुलेंसों के लिए ऑक्सीजन सिलैंडर उपलब्ध कराने के लिए नई सेल का गठन करने के लिए सरकार को सुझाव दिया है। उन्होंने कहा कि कोविड में सरकारी संसाधन कम पड़ चुके हैं और अस्पतालों में जगह नहीं है। अस्पतालों में ऑक्सीजन बेड, वेंटिलेटर और आईसीयू कम पड़ रहे हैं। सरकार ने एक फरमान इस बात का जारी कर दिया कि सिर्फ ऑक्सीजन सप्लाई का काम सिर्फ और सिर्फ अस्पतालों के अंदर ही होगा। क्या सरकार के नुमाइंदों को यह पता नहीं है कि अस्थमा से ग्रसित व्यक्ति भी घर पर ऑक्सीजन सिलैंडर पर जीवित है। कई न्यूरो के ऐसे मरीज है जो अस्पतालों में इलाज लेकर अब घर पर ऑक्सीजन सिलैंडर पर निर्भर है। क्या एंबुलेंसों में भी ऑक्सीजन सिलेंडर की आवश्यकता नहीं है? मैं चाहूंगा कि सरकार एक सेल इस तरीके की गठित करें कि इस प्रकार की समस्याओं से जो व्यक्ति जूझ रहे हैं, जिनकी जिंदगी और मौत के बीच ऑक्सीजन सिलैंडर मिलना मुश्किल हो रहा है। कम से कम सरकार ऐसे व्यक्तियों को जो अस्थमा और न्यूरो के मरीज है और एंबुलेंसों में ऑक्सीजन सिलैंडर लगे हुए हैं। उनको भी ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध करवाने का काम करें। नहीं तो एक की जिंदगी बचाने के चक्कर में दूसरों की जिंदगियों को काल के ग्रास बना देंगे। सरकार अपनी संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक मानवीय दृष्टिकोण अपनाने का काम करें। हिन्दुस्थान समाचार/ रोहित / ईश्वर




